GTA 6 के ग्लोबल लॉन्च के बाद भारत के लिए गर्व करने वाली एक खास बात निकल कर सामने आई है। गौरतलब है कि इसका संबंध बेंगलुरु से है। दरअसल, बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या ने X पर पोस्ट कर बताया है कि जिस गेम को लेकर दुनियाभर में अलग स्तर का क्रेज है उसे बनाने में बेंगलुरु के 1,600 से ज्यादा डेवलपर्स की खास भूमिका रही है। ऐसे में कहा जा सकता है कि इस बेहद पॉपुलर गेम को बनाने में 1600 भारतीय भी जुड़े हैं।
GTA 6 में बेंगलुुरु के 1,600 से ज्यादा डेवलपर्स का योगदान
गेम के लॉन्च से पहले X पर सांसद तेजस्वी सूर्या ने पोस्ट कर जानकारी दी कि GTA 6 का एक बड़ा हिस्सा बेंगलुरु में मौजूद Rockstar India की टीम ने तैयार किया है।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि अभी तक बेंगलुरु को सिर्फ आईटी इंडस्ट्री के तौर पर जाना जाता रहा है लेकिन यह उपलब्धि दिखाती है कि ग्लोबल वीडियो गेम डेवलपमेंट सेक्टर में भी भारत अपना लोहा मनवा रहा है।
एक कंप्यूटर से शुरू हुई कहानी
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कहानी की शुरुआत 1995 में शुरु हुई राजेश राव के Dhruva Interactive से होती है, जिसे सिर्फ एक कंप्यूटर के साथ शुरू किया गया था। पहले यह एक मल्टीमीडिया कंपनी थी, जिसने 1997 में गेम डेवलपमेंट के एरिया में मौजूदगी बनाई।
समय के साथ इस स्टूडियो ने अंतरराष्ट्रीय गेमिंग कंपनियों के बीच अपनी मजबूत साख बनाई और Microsoft की मशहूर Forza Motorsport फ्रेंचाइजी समेत कई बड़े ग्लोबल गेम्स में अपना योगदान दिया।
X पर पोस्ट कर दी जानकारी
Rockstar Games का हिस्सा कैसे बनी भारतीय कंपनी?
Dhruva Interactive की बढ़ती पॉपुलैरिटी के बीच दिसंबर 2016 में स्वीडन की गेमिंग कंपनी Starbreeze ने इसमें बड़ी हिस्सेदारी खरीद ली। इसके बाद मई 2019 में Rockstar Games ने 7.9 मिलियन डॉलर में Starbreeze से इस भारतीय स्टूडियो का अधिग्रहण कर लिया। ऐसा करने से इस कंपनी के अनुभवी डेवलपर्स Rockstar India टीम का हिस्सा बन गए।
इस कंपनी के संस्थापक राजेश राव बताते हैं कि, Rockstar ने यह कंपनी सिर्फ यहां मौजूद बेहतरीन टैलेंट के लिए खरीदी थी।

