केन-बेतवा जल कलश यात्रा का शुभारंभ, पुलिसकर्मियों को उत्‍कृष्‍ट कार्यों के लिए क्रमपूर्व पदोन्‍नति

केन-बेतवा जल कलश यात्रा का शुभारंभ, पुलिसकर्मियों को उत्‍कृष्‍ट कार्यों के लिए क्रमपूर्व पदोन्‍नति

भोपाल। मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज केन-बेतवा जल कलश यात्रा का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हाल में हुआ। इस अवसर पर मप्र के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में मुख्‍यमंत्री ने नियुक्ति पत्रों का वितरण भी किया। पुलिसकर्मियों को उत्‍कृष्‍ट कार्यों के लिए क्रमपूर्व पदोन्‍नति प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल से "केन-बेतवा एवं पार्वती-कालीसिंध-चंबल जल कलश यात्रा" को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

आयोजन के तहत संबंधित गांवों में 11 मार्च से 13 मार्च तक जल जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा पार्वती -कालीसिंध- चंबल लिंक परियोजना के 17 जिलों के संभावित 3614 लाभान्वित गांवों में कलश यात्रा तथा जल आधारित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

इसके साथ ही समारोह में मुख्‍यमंत्री ने नियुक्ति पत्रों का वितरण भी किया। पुलिसकर्मियों को उत्‍कृष्‍ट कार्यों के लिए क्रमपूर्व पदोन्‍नति प्रदान की गई।

केन-बेतवा जल कलश यात्रा के संबंध में मप्र के अपर मुख्य सचिव जल संसाधन डॉ. राजेश राजौरा ने बताया कि सभी संभावित लाभान्वित ग्रामों में मुख्य मार्गों पर कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, किसान, महिलाएं और छात्र-छात्राएं शाम‍िल होंगे।

राजौरा के अनुसार गांवों में केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा पार्वती -कालीसिंध- चंबल लिंक परियोजना के महत्व तथा जल की आवश्यकता पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक, भजन प्रस्तुति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

इसके साथ ही स्कूलों में जल पर केंद्रित चित्रकला, निबंध, खेलकूद, वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। गांवों में जल पर आधारित दीवार लेखन एवं अन्‍य कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव जल संसाधन के अनुसार सभी गांवों में चलित वाहनों के माध्यम से परियोजना के लाभ एवं जल के महत्व पर केंद्रित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

Advertisement