एडीएम के सामने महिला ने काटी हाथ की नस, पारिवारिक विवाद में कार्रवाई नहीं होने से थी नाराज

एडीएम के सामने महिला ने काटी हाथ की नस, पारिवारिक विवाद में कार्रवाई नहीं होने से थी नाराज
भोपाल । कलेक्ट्रेट में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सात वर्षीय बच्ची को साथ लेकर पहुंची एक महिला ने एडीएम प्रकाश चौहान के सामने अपनी बात रखते हुए अचानक ब्लेड से हाथ की नस काट ली। अधिकारियों ने तुरंत उस महिला को एंबुलेंस से हमीदिया अस्पताल पहुंचवाया। जहां उसका इलाज किया गया और बाद में छुट्टी दे दी गई। महिला पारिवारिक विवाद में पति के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एडीएम को अपनी बात बताते हुए महिला ने ब्लेड निकालकर नस काटी थी, जिसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया। महिला के साथ आई बच्ची यह देखकर जोर-जोर से रोने लगी। उसे चुप कराकर एडीएम अंकिता धाकरे के चेंबर में बैठाया गया। हालांकि अब महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। कलेक्टर आशीष सिंह का कहना है कि महिला की नाराजगी से जुड़े मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई करेंगे।

राजकोट में रहता है पति

इस घटना के बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों ने महिला के स्वजनों का इसकी सूचना दी। जिसके बाद महिला का भाई कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और बच्ची को अपने साथ ले गया। एडीएम चौहान ने बताया कि महिला का पति गुजरात के राजकोट में रहता है। उसे जानकारी दी गई है। महिला की शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। मंगलवार को जनसुनवाई में 140 से अधिक लोगों ने शिकायती आवेदन पेश किए।

गैंगरीन से पीड़ित मरीज को इलाज के बाद भेजा ओल्ड एज होम

हमीदिया में भर्ती गैंगरीन पीडि़त मरीज को कलेक्टर ने इलाज के बाद जेके अस्पताल रोड स्थित ओल्ड एज होम भेजने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार 65 साल के कैलाश को बेहोशी की हालत में 14 अगस्त को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां सर्जरी विभाग द्वारा मरीज का बायां पैर काट दिया गया था। इलाज के बाद मरीज ने होश में आते ही बताया कि उसके परिवार में कोई नहीं है और वो अकेला है। बुजुर्ग की बीमारी और कमजोर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर आशीष सिंह ने उसे कोलार स्थित प्राइड सोल ओल्ड एज होम भेजने के निर्देश दिए हैं।

प्लाट में दबंग नहीं बनाने दे रहे मकान

बैरसिया तहसील के अंतर्गत कोलूखेड़ी कलां निवासी गनपत सिंह पिता भाव सिंह गुर्जर ने जनसुनवाई में बताया कि कालापीपल डैम के डूब क्षेत्र में उनकी जमीन थी। इसके बदले उन्हें बोरवे कोलूखेड़ी कलां में प्लाट दिया गया है। लेकिन उस जगह पर खुमान सिंह पिता भागमल, कमल लाल, विष्णु ने कब्जा कर लिया है। पीड़ित ने बताया कि यह लोग उक्त भूखंड की जगह पर मकान बनाने नहीं दे रहे हैं। इस मामले में कलेक्टर ने बैरसिया एसडीएम विनोद सोनकिया को जांच करने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement