बैरागढ़ में कपड़ा धर्मशाला सहित तीन कांप्‍लेक्स के सामने रोज लगता है जाम, पार्किंग की व्यवस्था नहीं

बैरागढ़ में कपड़ा धर्मशाला सहित तीन कांप्‍लेक्स के सामने रोज लगता है जाम, पार्किंग की व्यवस्था नहीं
भोपाल। बैरागढ़ की सर्वाधिक आवाजाही वाले चंचल रोड पर चौड़ीकरण के बाद भी जाम लग रहा है। कपड़ा धर्मशाला सहित तीन शापिंग कांप्‍लेक्‍स के सामने पार्किंग की जगह नहीं है। लोग सड़क पर वाहन खड़े करने लगे हैं। इससे पूरी व्यवस्था बिगड़ गई है।

गौरतलब है कि चंचल रोड की चौड़ाई बढ़ाने को लेकर खासा विवाद हुआ था। नगर निगम ने पांच साल पहले इसे चौड़ा करना शुरू किया तो कांप्‍लेक्‍स में कारोबार करने वाले व्यापारी नाराज हो गए। निगम ने कपड़ा धर्मशाला को ही मार्क प्वाइंट बना दिया। इस धर्मशाला से आगे बढ़े हुए निर्माण तोड़ दिए गए। मारुति कांप्‍लेक्‍स एवं सतगुरु कांप्‍लेक्‍स में पहले से ही पार्किंग नहीं थी। अब कपड़ा धर्मशाला एवं दोनों कांप्‍लेक्‍स के सामने जाम लग रहा है। उल्लेखनीय है कि कपड़ा धर्मशाला भी अब शापिंग कांप्‍लेक्‍स में तब्दील हो चुकी है, लेकिन इसकी पहचान अब भी कपड़ा धर्मशाला के रूप में है।

वाहन बढ़ गए, अंदर जगह नहीं

चंचल रोड पर तोड़फोड़ से पहले भी कपड़ा धर्मशाला कांप्‍लेक्‍स के आसपास ही जाम लगता था। अब भी वही स्थिति है। यहां सबसे अधिक दुपहिया वाहन खड़े होते हैं। आसपास कोई दूसरा पार्किंग स्थल नहीं है। 37 दुकानों में प्रतिदिन सैकड़ों लोग खरीददारी करने आते हैं। काम्प्लेक्स के दूसरे तल पर कभी-कभी संगठनों की बैठक होती है। ऐसे में बाहर सड़क पर ही वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे लोगों को दिक्कत होती है। चंचल रोड पर तोड़फोड़ से व्यापारियों को करोड़ों रूपए का नुकसान उठाना पड़ा था। मार्ग चौड़ा करने के नाम पर नगर निगम ने पक्के निर्माण तो आनन-फानन में तोड़ दिए, लेकिन सड़क पर जगह-जगह खड़े ठेलों पर आज तक कड़ी कार्रवाई नहीं हुई।

Advertisement