भोपाल ।आबकारी विभाग की टीम ने शुक्रवार को बैरसिया के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हो रही अवैध शराब हाथ भट्टियों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया, लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते ग्रामीण फरार हो गए। पांच घंटे चली कार्रवाई के दौरान आबकारी की टीम ने 832 लीटर हाथ भट्टी देशी शराब और 10325 किलोग्राम लहान महुआ जब्त किया है। वहीं पुराना बकाया होने से पूर्व विधायक भक्तपाल सिंह के बेटे कुलदीप सिंह को नोटिस भी दिया है।
आबकारी कंट्रोलर राजेंद्र जैन ने बताया कि टीम सहित बैरसिया के ग्राम भैसोदा, करनपुरा, नजीराबाद, सूरजपुरा एवं पठारों में नालों के किनारे बने अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी। जहां बड़ी मात्रा में शराब ड्रमों में भरकर जमीन में 15 से 20 फीट गहरे गढ्डे में गाड़ कर रखी गई थी। इसे बाहर निकालने में अमले को सबसे अधिक मशक्कत करनी पड़ी। दोनों के नमूने लेकर मौके पर ही नष्ट कर दिया है। पहली बार एक कार्रवाई में व्यापक पैमाने पर शराब और लहान जब्त किया है।
ग्रामीणों ने किया कार्रवाई का विरोध
उन्होंने बताया कि इसी दौरान सूरजपुरा में लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। महिलाओं और पुरुषों ने एकत्रित होकर टीम को घेर लिया था। आबकारी और पुलिस के सख्ती के बाद इनमें से अधिकांश भाग गए। आबकारी टीम ने संग्राम सिंह, रागिनी कंजर से अवैध शराब बरामद की है और 21 प्रकरण दर्ज किए हैं।जबकि दो आरोपित फरार हैं, जिनकी तलाश टीम द्वारा की जा रही है।
भाजपा नेता पर बकाया 27 लाख रुपये
आबकारी विभाग ने भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक भक्तपाल सिंह के बेटे कुलदीप सिंह राठौर को बकाया राशि का नोटिस दिया है।आबकारी कंट्रोलर राजेंद्र जैन ने बताया कि कलेक्टर आशीष सिंह ने आठ अगस्त को नोटिस जारी किया था, जिसे शुक्रवार को तामील किया गया है। कुलदीप ने वर्ष 2015-16 में शमशाबाद में तीन दुकानें ली थीं, जिनका 45 लाख 28 हजार 345 रुपये बकाया था। जिसमें से उन्होंने अब तक 17 लाख 79 हजार 455 रुपये चुकाया है, जबकि 27 लाख 48 हजार 940 रुपये बकाया है। इसी राशि को जमा करने के लिए उन्हें नोटिस दिया गया है।











