हिंदी ग्रंथ अकादमी का 56वां स्थापना दिवस समारोह 22 जून को

हिंदी ग्रंथ अकादमी का 56वां स्थापना दिवस समारोह 22 जून को
- उच्च शिक्षा मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार होंगे मुख्य अतिथि, शिक्षाविदों का किया जाएगा सम्मान

भोपाल / मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी का 56वां स्थापना दिवस समारोह 22 जून को सायं 4 बजे मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, भोपाल में आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी के अध्यक्ष श्री इन्दर सिंह परमार होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अकादमी के संचालक श्री अशोक कड़ेल करेंगे।

समारोह में अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन विशिष्ट अतिथि तथा आयुक्त उच्च शिक्षा श्री प्रबल सिपाहा अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर अकादमी द्वारा प्रकाशित “प्रगति पथ” ब्रोशर तथा द्विमासिक पत्रिका “रचना” का विमोचन किया जाएगा। यह प्रकाशन अकादमी की शैक्षणिक, साहित्यिक एवं ज्ञान-विस्तार संबंधी गतिविधियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन में योगदान देने वाले शिक्षाविद होंगे सम्मानित
अकादमी के सहायक संचालक (प्र.) श्री राम विश्वास कुशवाहा ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत उच्च शिक्षा के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर एवं संदर्भ ग्रंथों की पांडुलिपियों के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

सम्मानित होने वाले शिक्षाविदों में डॉ. रविन्द्र कान्हेरे, अध्यक्ष, प्रवेश एवं फीस विनियामक समिति; डॉ. खेमसिंह डहेरिया, चेयरमैन, मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग; डॉ. राकेश ढण्ड, पूर्व आचार्य, विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन तथा डॉ. अलकेश चतुर्वेदी, प्राचार्य, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, जबलपुर शामिल हैं। उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उत्तम सिंह चौहान, संयुक्त संचालक, मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी द्वारा किया जाएगा। समारोह में विश्वविद्यालयों के कुलगुरु, कुलसचिव, प्राचार्य, प्राध्यापक, शिक्षाविद, साहित्यकार, अकादमी के लेखक एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी।
Advertisement