इंदौर में जोरदार बारिश, उमस से परेशान लोगों को मिली राहत

इंदौर में जोरदार बारिश, उमस से परेशान लोगों को मिली राहत

इंदौर । उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में चक्रवती हवाओं का घेरा बनने से मंगलवार को मानसून सक्रिय हो गया। शाम चार बजे शहर के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग तीव्रता के साथ रुक-रुक कर बारिश हुई,जिससे मौसम सुहावना हो गया। ठंडी हवा रात तक चलती रही।

रात आठ बजे से रिमझिम वर्षा का दौर चला। पश्चिम से अधिक वर्षा पूर्वी क्षेत्र में हुई। जहां अधिकांश हिस्सों में पानी जमा रहा। मंगलवार को बरसात होने से लोगों को उमस से राहत मिली। चार घंटों में पश्चिम क्षेत्र में 11 मिमी वर्षा हुई। जबकि पूर्वी इलाके में 27.7 मिमी बरसात रिकार्ड की गई।

मौसम विज्ञानी एचएस पांडे के मुताबिक उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में चक्रवाती हवाओं ने मौसम बदल दिया, जो लखनऊ से होते हुए पटना की तरफ हवा चली। वहीं दक्षिण गुजरात से केरल की तरफ भी चक्रवात बना हुई है। दोनों तरफ से नमी बनने से इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन संभाग में बरसात हुई। इन हवाओं का असर बुधवार को देखने को मिलेगा। अगले दो दिन भारी बरसात होने की उम्मीद है।

झमाझम बारिश के कारण इंदौर की सड़कों पर पानी भरा गया और जलजमाव के कारण कई चौराहों पर जाम लग गया, जिससे राहगीरों को परेशानी उठाना पड़ी। वहीं निचली बस्तियों में भी पानी भरा गया।

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक, वर्तमान में एक कम दबाव का क्षेत्र उत्तर पश्चिम मप्र और पूर्व राजस्थान पर बना है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवात 4.5 किलोमीटर ऊंचाई पर बना है। इसके असर से आगामी दिनों में इंदौर सहित मालवा क्षेत्र में नमीयुक्त दक्षिणी पश्चिमी हवा चलेगी। इसके प्रभाव से इंदौर में मध्यम वर्षा होगी। 12 व 13 जुलाई को रुक-रुककर हल्की से मध्यम वर्षा होगी।

Advertisement