आदिवासियों का दूसरे प्रदेशों में भी उत्पीड़न, शिवराज सरकार ने कदम क्यों नहीं उठाया कमल नाथ

आदिवासियों का दूसरे प्रदेशों में भी उत्पीड़न, शिवराज सरकार ने कदम क्यों नहीं उठाया कमल नाथ

भोपाल । प्रदेश के आदिवासियों का दूसरे प्रदेशों में भी उत्पीड़न हो रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने अनूपपुर जिले के 15 आदिवासी युवकों को गुजरात के राजकोट में प्रताड़ित करने और पुलिस द्वारा कार्रवाई न कर दबाव डालकर राजीनामा कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गुजरात से अनूपपुर पहुंचे इन आदिवासी युवकों ने बताया कि राजकोट में जिस कंपनी में वे काम करते थे, उस कंपनी के मालिक ने उनके ऊपर चोरी का आरोप लगाकर मारा। बंधक बनाकर रखा। आधार कार्ड और मोबाइल फोन जब्त कर लिए। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से पूछा कि आदिवासी युवकों के साथ हुई घटना पर सरकार ने कदम क्यों नहीं उठाया। यह कोई पहला मामला नहीं है। प्रदेश में भी आदिवासियों का उत्पीड़न हो रहा है पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। नाथ ने बताया कि बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाएगा।

सरकार बनी तो केश शिल्पी समाज के साथ न्याय होगा

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित केश शिल्पी परिवार संवाद में कमल नाथ ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। इसको लेकर न तो सरकार कुछ बोलती है और न ही भाजपा। आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती नौजवानों के भविष्य की है। भाजपा सरकार में घोषणाओं की मशीन चल रही है। 22 हजार घोषणाएं हो चुकी हैं। जनता सब जानती है और अब बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने केश शिल्पी समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर आपके साथ न्याय होगा और मैं इसकी जिम्मेदारी मैं लेता हूं। मप्र कांग्रेस केश शिल्पी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सेन ने समाज की ओर से मांग पत्र सौंपते हुए विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाने, सरकार बनने पर भूमि आवंटन जिले में धर्मशाला के जमीन सहित निर्माण कार्य के लिए राशि भी देने की मांग की।

गाडरवारा के संघ प्रचारक सत्यस्वर हरदेनिया कांग्रेस में शामिल

नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा के संघ प्रचारक सत्यस्वर हरदेनिया ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के आवास पर पार्टी की सदस्यता ले ली। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस समाज कल्याण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनुराग भार्गव सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Advertisement