जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, पटेल नगर, रायसेन रोड, भोपाल में पावन पुरुषोत्तम मास के शुभ अवसर पर रविवार को श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के मध्य श्री हनुमान चालीसा एवं श्री गुरु गीता के सामूहिक पाठ का आयोजन संपन्न हुआ। यह धार्मिक आयोजन श्री अंबिका आश्रम बालीपुर धाम के भोपाल स्थित भक्तों एवं दादाजी धाम के श्रद्धालु भक्तों के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम प्रातः 9:00 बजे से 10:15 बजे तक मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा एवं श्री गुरु गीता का पाठ किया। कार्यक्रम उपरांत भगवान को बेल के शरबत का भोग अर्पित कर उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया। शाम को महिला भक्तों द्वारा भजन कीर्तन की गए।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पुरुषोत्तम मास भगवान श्रीहरि विष्णु को समर्पित अत्यंत पुण्यदायी, कल्याणकारी एवं मोक्ष प्रदान करने वाला मास माना गया है। इस पवित्र काल में भक्ति, जप, तप, सत्संग एवं धर्मकार्य का विशेष महत्व बताया गया है। श्री हनुमान चालीसा का श्रद्धापूर्वक पाठ करने से भय, संकट, नकारात्मकता एवं मानसिक अशांति का नाश होता है तथा साहस, आत्मबल, ऊर्जा, सकारात्मकता एवं प्रभु भक्ति की प्राप्ति होती है।
वहीं श्री गुरु गीता में गुरु तत्व की महिमा का अत्यंत दिव्य एवं आध्यात्मिक वर्णन प्राप्त होता है। शास्त्रों में गुरु को वह दिव्य शक्ति बताया गया है, जो जीव को अज्ञान रूपी अंधकार से निकालकर ज्ञान, सत्य, सद्मार्ग एवं आत्मबोध की ओर अग्रसर करती है। गुरु कृपा से जीवन में शांति, सद्बुद्धि, संयम, आध्यात्मिक उन्नति एवं आत्मिक प्रकाश का संचार होता है।
मंदिर समिति एवं आयोजन से जुड़े भक्तों ने समस्त श्रद्धालुओं से आगामी माह के चौथे रविवार को अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार सहित उपस्थित होकर सामूहिक पाठ, सत्संग, गुरु भक्ति एवं धर्म लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया तथा भक्ति एवं साधना के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाने का संदेश दिया।











