भोपाल । जिले के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति सुधारने और पढ़ाई का स्तर बेहतर बनाए रखने के लिए निरंतर कलेक्टर आशीष सिंह औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी के तहत बुधवार को कलेक्टर ने सीएम राइज कमला नेहरू स्कूल और शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। जहां उन्होंने छात्राओं से बातचीत करते हुए पढ़ाई के बारे में पूछा और चर्चा की। इस पर कुछ छात्राओं ने कहा कि उनका सपना है कि वह भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) की अधिकारी बनें। इस पर कलेक्टर ने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि प्रयास जारी रखना। इसके साथ ही स्कूल की अन्य व्यवस्थाएं का जायजा भी लिया।
567 छात्राएं थी उपस्थित, अनुपस्थित नहीं मिले शिक्षक
कलेक्टर आशीष सिंह ने बुधवार को दोपहर तीन बजे सीएम राइज कमला नेहरू कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टीटीनगर का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ जिला शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार त्रिपाठी भी मौजूद थे। इस दौरान कक्षाएं लग रहीं थी। कलेक्टर एक कक्षा में पहुंचे और छात्राओं से विद्यालय के हालात के बारे में पूछा। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित भी किया। विद्यालय में छात्राओं की कुल संख्या 872 दर्ज है। जिनमें से 567 छात्राएं उपस्थित थीं। वहीं कोई भी शिक्षक अनुपस्थित नहीं मिला। इस दौरान विद्यालय की प्राचार्य संगीता सक्सेना ने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों का परिचय भी दिया।
स्मार्ट कक्षाओं के प्रति बच्चों में दिखा उत्साह
जिला शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में छात्रों के लिए स्मार्ट कक्षाएं शुरू की गई है। कलेक्टर आशीष सिंह दसवीं की स्मार्ट कक्षा में पहुंचे और विद्यार्थियों से चर्चा की तो उनमें उत्साह देखने को मिला। यहां कलेक्टर ने खुद थ्रीडी उपकरण लगाकर देखा। जो उनको भी बेहद अच्छा लगा। साथ ही बच्चों के उत्साह को देखते हुए स्मार्ट कक्षा को लेकर कहा कि आगे भी इस तरह की कक्षाएं शुरू कराई जाएंगी।











