आजकल ऑफिस का काम हो या पढ़ाई, मोबाइल चलाना हो या ऑनलाइन मीटिंग, ज्यादातर लोगों का काफी समय स्क्रीन के सामने बीतता है। कई बार लगातार लैपटॉप या फोन देखने के बाद आंखों में भारीपन, जलन और सिरदर्द महसूस होने लगता है। कुछ लोगों को माथे, कनपटी या आंखों के पीछे दर्द भी होता है। इस तरह की परेशानी को अक्सर Eyestrain Headache यानी आंखों पर दबाव से जुड़ा सिरदर्द समझा जाता है।
लंबे समय तक पास की चीजों पर ध्यान केंद्रित करना, कम पलकें झपकाना, गलत चश्मे का इस्तेमाल और स्क्रीन की तेज रोशनी इसके पीछे संभावित कारण हो सकते हैं। हालांकि, हर सिरदर्द आंखों की थकान के कारण नहीं होता। माइग्रेन, ड्राई आई और दूसरी समस्याएं भी ऐसे लक्षण पैदा कर सकती हैं। आइए समझते हैं इसके कारण और बचाव के तरीके।
लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों पर दबाव वाला सिरदर्द कैसे हो सकता है?
मैयोक्लीनिक के अनुसार जब आप लगातार मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर देखते हैं, तो आंखों को लंबे समय तक पास की दूरी पर फोकस बनाए रखना पड़ता है। इस दौरान आंखों की फोकस करने वाली मांसपेशियों और दोनों आंखों के तालमेल (Convergence System) को लगातार काम करना पड़ता है। बिना ब्रेक के ऐसा करने पर आंखें थकी हुई महसूस हो सकती हैं और धुंधला दिखने, भारीपन या सिरदर्द की शिकायत हो सकती है।
स्क्रीन देखते समय एक और बदलाव होता है। सामान्य परिस्थितियों में व्यक्ति एक मिनट में लगभग 15 बार पलकें झपकाता है, लेकिन स्क्रीन पर ध्यान केंद्रित करने के दौरान यह संख्या घटकर लगभग 5-7 बार रह सकती है। इससे आंखों की सतह पर मौजूद आंसुओं की परत जल्दी सूख सकती है और जलन या किरकिरापन महसूस हो सकता है।
पढ़ने, लैपटॉप पर काम करने या फोन चलाने से आंखों में दर्द क्यों होता है?
किताब पढ़ना, मोबाइल पर छोटे अक्षर देखना या लैपटॉप पर लगातार काम करना सभी नजदीक से देखने वाली गतिविधियां हैं। इनमें आंखों को लगातार फोकस एडजस्ट करना पड़ता है। अगर आप बिना ब्रेक के घंटों तक ऐसा करते हैं, तो आंखों में थकान, भारीपन और आसपास दर्द महसूस हो सकता है।
एनसीबीआई के अनुसार 2022 में प्रकाशित रिव्यू में बताया गया कि स्क्रीन से जुड़ी आंखों की परेशानी में तीन तरह के कारण भूमिका निभा सकते हैं, जिसमें आंखों की सतह पर सूखापन, फोकस करने की प्रक्रिया पर दबाव और गलत शारीरिक मुद्रा से होने वाली मांसपेशियों की परेशानी को शामिल किया जाता है।
क्या पुराने या गलत नंबर के चश्मे से भी सिरदर्द हो सकता है?
अगर आपके चश्मे का नंबर बदल गया है या मौजूदा चश्मा आपकी आंखों की जरूरत के अनुसार सही नहीं है, तो पढ़ते समय या लैपटॉप पर काम करते समय सिरदर्द हो सकता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आंखों को साफ देखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। कुछ लोग साफ देखने के लिए बार-बार आंखें सिकोड़ते हैं, जिससे आंखों और चेहरे की मांसपेशियों में थकान महसूस हो सकती है।
नेशनल आई इंस्टीट्यूट के अनुसार अगर चश्मा पहनने के बावजूद धुंधलापन, सिरदर्द या आंखों में थकान बनी रहती है, तो आंखों की जांच करानी चाहिए। केवल पुराने चश्मे को दोष देना सही नहीं है, क्योंकि इन लक्षणों के पीछे दूसरी समस्याएं भी हो सकती हैं।
आंखों पर दबाव, ड्राई आई और माइग्रेन में क्या अंतर है?
इन तीनों स्थितियों में आंखों के आसपास दर्द या सिरदर्द महसूस हो सकता है, लेकिन इनके लक्षण और कारण अलग होते हैं।
आंखों पर दबाव (Eyestrain): एएओ के अनुसार आई स्ट्रेन में आंखों में थकान, भारीपन या दुखती हुई महसूस हो सकती हैं। लंबे समय तक पढ़ने या स्क्रीन देखने के बाद धुंधलापन, आंखों में पानी आना और सिरदर्द हो सकता है। आमतौर पर आंखों को आराम देने या काम से ब्रेक लेने पर परेशानी कम हो सकती है।
ड्राई आई (Dry Eye): एनआईएच के मुताबिक इसमें आंखों में सूखापन, जलन, किरकिरापन, लालिमा और कभी-कभी पानी आने की शिकायत होती है। कुछ लोगों को रोशनी से परेशानी और नजर में अस्थायी धुंधलापन भी महसूस हो सकता है। यह समस्या तब होती है जब आंखों में पर्याप्त आंसू नहीं बनते या आंसुओं की गुणवत्ता ठीक नहीं होती।
माइग्रेन : मैयोक्लीनिक के अनुसार माइग्रेन केवल आंखों की थकान से जुड़ा सिरदर्द नहीं है। इसमें आमतौर पर धड़कन जैसा मध्यम से तेज दर्द हो सकता है, जो अक्सर सिर के एक तरफ महसूस होता है। इसके साथ मतली, उल्टी और रोशनी या तेज आवाज से परेशानी हो सकती है। कुछ लोगों को माइग्रेन से पहले आंखों के सामने चमकती रोशनी या टेढ़ी-मेढ़ी रेखाएं भी दिखाई देती हैं।
इसलिए यदि सिरदर्द के साथ मतली, तेज रोशनी से परेशानी या बार-बार एक जैसा दर्द होता है, तो इसे सिर्फ Eyestrain मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
लंबे समय तक स्क्रीन देखने, लगातार पढ़ने या पास की चीजों पर ध्यान केंद्रित करने से आंखों में थकान और सिरदर्द हो सकता है। कम पलकें झपकाना, ड्राई आई, गलत चश्मे का नंबर और खराब पोस्चर इसके संभावित कारण हैं। हालांकि, माथे, कनपटी या आंखों के पीछे होने वाला हर दर्द आई स्ट्रेन नहीं होता। माइग्रेन और दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी इसकी वजह हो सकती हैं। इसलिए नियमित परेशानी होने पर आंखों की जांच कराएं, स्क्रीन से ब्रेक लें और सही रोशनी व बैठने की मुद्रा बनाए रखें।

