चौथे बड़े मंगल पर होगा विशेष हनुमान पूजन, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं भजन-कीर्तन
भोपाल / जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, पटेल नगर, रायसेन रोड, भोपाल में गंगा दशहरा एवं अधिकमास के पावन अवसर पर सोमवार से विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष गंगा दशहरा के साथ अधिकमास में सोमवार से नौतपा प्रारंभ होना अत्यंत दुर्लभ एवं शुभ संयोग माना जा रहा है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के दिन माँ गंगा का स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। इसी पावन स्मृति में गंगा दशहरा पर्व श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाता है। धार्मिक ग्रंथों में वर्णित है कि इस दिन माँ गंगा के पूजन, स्नान, दान, जप एवं आराधना से मनुष्य के दस प्रकार के पापों का नाश होता है तथा जीवन में सुख, शांति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। गंगा दशहरा आत्मशुद्धि, सदाचार एवं लोककल्याण की भावना को जागृत करने वाला महापर्व माना गया है।
पंडित राजेंद्र पलिया ने बताया कि दशमी तिथि 25 मई को प्रातः 7:53 बजे प्रारंभ होकर 26 मई को प्रातः 7:31 बजे तक रहेगी। इसी कारण गंगा दशहरा गंगा मैया का श्रंगार पंडित जी द्वारा किया गया पूजन सोमवार एवं मंगलवार दोनों दिन विधि-विधान से कराया जाएगा। सभी श्रद्धालु माँ गंगा के पूजन-अर्चन में सहभागी होकर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
मंगलवार को चौथे बड़े मंगल के अवसर पर भगवान श्री हनुमान जी का विशेष पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर नवीन वस्त्र एवं चोला अर्पित किया जाएगा। भक्तों द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया जाएगा तथा सायंकाल महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन एवं संगीतमय आराधना प्रस्तुत की जाएगी, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से आलोकित रहेगा।
श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जनजागरण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज में श्रद्धा, सेवा, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है।











