बाइक मालिक की रिपोर्ट पर शोरूम संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

बाइक मालिक की रिपोर्ट पर शोरूम संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

भोपाल। गौतम नगर पुलिस ने एक बाइक मालिक की रिपोर्ट पर शोरूम संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। संचालक पर आरोप है कि उसने दो साल पहले फायनेंस हो चुकी बाइक को नकद रुपये लेकर बेच दिया था। करीब 9 साल बाद जब फायनेंस कंपनी ने बाइक सीज कर ली तो मामले का खुलासा हुआ। अब इस मामले में पुलिस ने जांच शुरु कर दी है, इसकी शुरुआत बाइक शोरुम संचालक को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके बाद आरोपित की गिरफ्तारी की जाएगी।

हम बता दें कि अरविंद सिंह (32) ग्राम बिसनखेड़ा, थाना इछावर जिला सीहोर के रहने वाले हैं। वह इंदौर की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। अरविंद ने पुलिस को बताया कि मार्च 2016 में उन्होंने डीआईजी बंगला स्थित एक शोरूम से बजाज डिस्कवर बाइक करीब 50 हजार रुपए नकद जमा करके खरीदी थी। उसके बाद से वह लगातार अपनी बाइक को चला रहे थे। पिछले महीने 24 जुलाई 2023 को वह इंदौर के परदेशीपुरा इलाके में अपना काम कर रहे थे, तभी एक फायनेंस कंपनी के कर्मचारी उनके पास पहुंचे और बताया कि उनकी बाइक फायनेंस पर है, जिसे सीज किया जाना है। अरविंद ने बाइक का रजिस्ट्रेशन और बिल दिखाते हुए कहा कि उन्होंने यह बाइक नकद रुपये जमा करके खरीदी है। उसके बाद फायनेंस कर्मचारी उन्हें न्यू पलासिया इंदौर स्थित अपने कार्यालय लेकर पहुंचे। यहां आफिस वालों ने बताया कि उनकी बाइक वर्ष 2014 में लखनलाल नामक व्यक्ति के नाम से फायनेंस हुई थी, जिसका लगभग 56 हजार रुपये बकाया है। इसके साथ ही उन्होंने अरविंद की बाइक सीज कर ली और वापस करने से इंकार कर दिया। उसके बाद अरविंद गौतम नगर थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शोरूम संचालक दीपक ननवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया था। अब इस मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है। इसके लिए नोटिस जारी कर पूछताछ की तैयारी कर ली गई है।

Advertisement