भोपाल में किराया विवाद में बेटे पर पिता ने चलाई गोली, बाल-बाल बची जान

भोपाल में किराया विवाद में बेटे पर पिता ने चलाई गोली, बाल-बाल बची जान

भोपाल। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपने नाबालिग बेटे पर गोली चला दी। घटना सोमवार रात की है। किशोर पहली मंजिल की बालकनी में खड़ा था, तभी पिता ने घर से करीब 30 फीट दूर खड़े होकर लाइसेंसी रायफल से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली छत के ऊपर से निकल गई और किशोर बाल-बाल बच गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

किराया वसूली को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार 50 वर्षीय शांति स्वरूप चौरसिया मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला है। भोपाल के अशोका गार्डन स्थित एकतापुरी में उसके दो मकान हैं। एक मकान में पत्नी और बच्चे रहते हैं, जबकि दूसरा किराए पर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि मकान किराया वसूली को लेकर शांति स्वरूप का पत्नी और बेटे से लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ, जिसमें उसका छोटा बेटा राज चौरसिया भी शामिल हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट भी हुई थी।

मामले में अशोका गार्डन थाने में दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज किया गया था।

रात में पार्क से साधा बेटे पर निशाना

रात करीब 10:45 बजे राज चौरसिया घर की पहली मंजिल की बालकनी में खड़ा था। तभी शांति स्वरूप ने घर के सामने पार्क से 312 बोर की लाइसेंसी रायफल से बेटे पर निशाना साधकर फायर कर दिया। गोली ऊपर से निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए।

घेराबंदी कर पुलिस ने किया गिरफ्तार

हमला करने के बाद लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। यह देखकर आरोपी वारदात के बाद रायफल कार में रखकर मौके से भाग निकला, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को जैसे ही घटना की सूचना मिली तो घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।- ओमकार सिंह, एएसआइ, थाना, अशोका गार्डन

Advertisement