करीब एक दर्जन लिस्टेड कंपनियां चंद्रयान-3 से जुड़ी हैं। इनमें गोदरेज इंडस्ट्रीज, पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज, एमटीएआर टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, मिश्र धातु निगम, बीएचईएल, एलएंडटी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सेंटम इलेक्ट्रॉनिक्स और अवनटेल शामिल हैं। गोदरेज इंडस्ट्रीज के शेयरों में कल सात और आज तीन फीसदी तेजी आई। पारस डिफेंस के शेयरों में कल पांच और आज 12 फीसदी तेजी देखने को मिली। इसी तरह एमटीएआर के शेयरों में दो दिन में 13 परसेंट तेजी आई है। एलएंडटी का शेयर दो दिन में तीन परसेंट चढ़ा है। स्पेस एप्लिकेशन के लिए इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स बनाने वाली कंपनी सेंटम इलेक्ट्रॉनिक्स का शेयर दो दिन में 24 परसेंट चढ़ चुका है।
चंद्रयान-3 की सफलता के बाद आ सकता है एलन मस्क का फोन, इन कंपनियों के स्टॉक बने रॉकेट
नई दिल्ली: चंद्रयान-3 मिशन (Chandrayaan-3) की सफलता से आज शेयर मार्केट को भी चार चांद लग गए। इस मिशन से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में गुरुवार को 12 परसेंट तक तेजी देखने को मिली। जानकारों का कहना है कि चंद्रयान-3 की सफलता ने मेक इन इंडिया की थीम को मजबूत किया है। इससे भारतीय कंपनियों के लिए रॉकेट लॉन्च और सैटेलाइट का मार्केट बढ़ेगा। माना जा रहा है कि दुनिया के सबसे बड़े रईस एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) स्पेस सेक्टर से जुड़ी भारतीय कंपनियों के साथ बिजनस डील कर सकती है। ग्लोबल स्पेस मार्केट 447 अरब डॉलर का है और इसमें भारत की हिस्सेदारी पांच परसेंट से भी कम है। माना जा रहा है कि चंद्रयान-3 की सफलता के बाद दुनियाभर की कंपनियां भारत का रुख कर सकती हैं। यही वजह है कि इन कंपनियों के शेयरों में लगातार तेजी आ रही है।
क्या करें इनवेस्टर्स
जानकारों का कहना है कि चंद्रयान-3 की सफलता ने भारतीय कंपनियों के लिए ग्लोबल मार्केट के दरवाजे खोल दिए हैं। इसलिए इस सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के लिए लॉन्ग टर्म आउटलुक काफी अच्छा है। आगे भारत की सूर्य मिशन और गगनयान भेजने की योजना है। इससे देश की स्थिति और मजबूत होगी। हालिया तेजी के बावजूद स्पेस स्टॉक्स अभी ज्यादा महंगे नहीं हैं। TCG AMC के चक्री लोकप्रिय ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन की सफलता से दुनिया का ध्यान इन कंपनियों की तरफ खिंच सकता है। एलन मस्क भी इन कंपनियों के साथ डील कर सकते हैं।











