चार मौसम प्रणालियों के असर से कुछ दिन वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा

चार मौसम प्रणालियों के असर से कुछ दिन वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा

जबलपुर। मानसून ने जून माह में ही वर्षा का कोटा आठ इंच कर दिया है। मानसून के चाैथे दिन बुधवार को सुबह अच्छी बूंदाबादी होती रही, लेकिन दोपहर तक वर्षा तेज हो गई। दोपहर बाद माैसम ने करवट बदली और आसमान पर गहरे बादल मंडराने लगे। कहीं तेज तो कहीं मध्यम बौछारें पड़ने लगी। मौसम का अंदाज देख लोगों को लगा कि झमाझम वर्षा होगी पर कुछ देर बरसने के बाद बादल आगे बढ़ गए। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में चार मौसम प्रणालियों के असर से अभी कुछ दिन वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। कहीं तेज तो कहीं मध्यम वर्षा के साथ बिजली चमकने, गिरने की भी संभावना जताई जा रही है।


माैसम विभाग की माने तो अगले 24 घंटे में जबलपुर सहित संभाग के कटनी, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, सिवनी सहित आस-पास के जिलों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले चार दिनों में वर्षा का आंकड़ा आठ इंच तक पहुंच गया है। रूक-रूक कर हो रही वर्षा से रात में वातावरण में हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है।

ठहर-ठहर कर कभी तेज तो कभी मध्यम वर्षा के कारण मानसून सीजन में वर्षा का आंकड़ा 209 मिलीमीटर यानी आठ इंच तक पहुंच गया है। सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच तक 8.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई। वहीं अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान आंशिक रूप से बढ़कर 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Advertisement