काटजू अस्‍पताल के अधीक्षक व डाक्टर के बीच विवाद, जबरन रिलीव नहीं करने का आरोप

काटजू अस्‍पताल के अधीक्षक व डाक्टर के बीच विवाद, जबरन रिलीव नहीं करने का आरोप
भोपाल। राजधानी के कैलाश नाथ काटजू अस्पताल में मंगलवार को अधीक्षक कर्नल प्रवीण कुमार सिंह और डा. जरीना खान के बीच विवाद हो गया। अस्‍पताल में स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डा. जरीना खान का आरोप है कि 13 जुलाई को तबादला होने के बाद भी उन्हें अब तक रिलीव नहीं किया जा रहा है। शासन ने उनका तबादला काटजू अस्पताल से बैरागढ़ में स्‍थित सिविल अस्पताल कर दिया है। लेकिन अधीक्षक द्वारा उन्‍हें रिलीव करने के लिए काटजू अस्पताल के चक्कर लगवाएं जा रहे हैं।

डा. जरीना खान ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल अधीक्षक की प्रताड़ना के चलते ही उन्‍होंने यहां से तबादला लिया है। उनका कहना है कि पूर्व में अस्पताल की महिला डाक्टरों ने सीएमएचओ को ज्ञापन सौंप कर अधीक्षक की मनमानियों से अवगत कराया था। इस संदर्भ में राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मिशन (एनएचएम) की डायरेक्‍टर प्रियंका दास के दफ्तर में और सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की है।

वहीं इस संदर्भ में अस्पताल के अधीक्षक कर्नल प्रवीण सिंह का कहना है कि उन्हें डा. जरीना खान के तबादले का आदेश सोमवार को प्राप्त हुआ है। रिलीव करने से पहले की कुछ प्रक्रियाएं होती हैं, जो चल रही हैं। उन्हें 21 जुलाई तक रिलीव कर दिया जाएगा।

Advertisement