संत हिरदाराम नगर। वरुण अवतार भगवान झूलेलाल के वंशज चालीहा महोत्सव के समापन अवसर पर बड़ी झील किनारे स्थित शीतलदास की बगिया पर पहुंचकर देश की खुशहाली के लिए सामूहिक प्रार्थना करेंगे। 40 दिन के कठिन उपवास रखने वाले श्रद्धालु अखंड ज्योति के दर्शन करने के बाद प्रसाद ग्रहण कर उपवास छोड़ेंगे। महोत्सव का समापन 24 अगस्त को होगा।
अखंड ज्योति के दर्शन करने रोज पहुंच रहे भक्त
बैरागढ़ के झूलेलाल मंदिर एच वार्ड में चालीहा महोत्सव के दौरान अखंड जयोति के दर्शन करने से रोज भक्त पहुंच रहे हैं। माना जाता है कि अखंड ज्योति दर्शन और बहिराणा पूजन से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। मंदिर में प्रतिदिन जल एवं ज्योति पूजन कार्यक्रम हो रहा है। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जा रहा है। आरती में नगर के गणमान्य नागरिक भी शामिल हो रहे हैं।
शीतलदास की बगिया पर होगा आयोजन
झूलेलाल मंदिर समिति ने 24 अगस्त को समापन समारोह आयोजित किया है। शीतलदास की बगिया पर जल विसर्जन किया जाएगा। यहां सामूहिक प्रार्थना की जाएगी। नेहरू पार्क परिसर स्थित झूलेलाल मंदिर में 16 जुलाई से शुरू हुए महोत्सव के दिन से पूजा-अर्चना के बाद भंडारा किया जा रहा है। मंदिर समिति ने इस बार युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने का अभियान शुरू किया है। युवा आरती एवं पूजन में पहुंचकर अपनी प्राचीन संस्कृति से अवगत हो रहे हैं।
विजयनगर में भी उत्सवी माहौल
विजयनगर समाज उत्थान पंचायत द्वारा श्री हरिसेवा गंगाधाम दरबार में चालीहा महोत्सव मनाया जा रहा है। पंचायत अध्यक्ष आनंद सबधानी ने बताया कि यहां बहिराणा पूजन करने युवाओं का बड़ा समूह प्रतिदिन आ रहा है। पिछले कुछ समय से युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके बेहतर परिणाम सामने आए हैं। पंचायत ने 24 अगस्त को शीतलदास की बगिया पर भव्य पूजन समारोह आयोजित किया गया है। समापन से पहले बच्चों के बीच फैंसी ड्रेस स्पर्धा होगी। बच्चे भगवान झूलेलाल, श्री कृष्ण एवं शिवजी का रूप धारण करेंगे।











