भोपाल। शहर में प्रतिदिन सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। बुधवार 02 अगस्त को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
साइकिल रैली - मतदाता जागरुकता के लिए साइकिल रैली एवं स्लो वाक का आयोजन किया जा रहा है। साइकिल रैली अटल पथ टीटी नगर से सुबह सात बजे से प्रारंभ हुई। इसके उपरांत साइकिल राइडर्स दो किमी की वाक भी करेंगे। अभियान में लायंस क्लब, रोटरी क्लब, एनसीसी, एनएसएस, विभिन्न साइकिल राइड समूह, कालेज, स्कूल, संस्थान तथा विभिन्न विभागों के लोग भाग ले रहे हैं।
छउ नृत्य कार्यशाला - कीर्ति बैले एंड परफार्मिंग आर्ट द्वारा संगीत नाटक अकादमी के सहयोग से 22 जुलाई से 5 अगस्त तक मयूरभंज छउ कार्यशाला मायाराम सुरजन स्मृति भवन (पीएंडटी चौराहा) में आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में प्रवेश निश्शुल्क है। इसका समय सुबह 10 बजे से 12 बजे दोपहर तक है। इसमें छउ गुरु चंद्र माधव बारिक, सहायक सिद्धार्थ बारिक और प्रकाश मीना प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह के प्रादर्श श्रृंखला के अंतर्गत अगस्त के प्रादर्श के रूप में ग्राम उप्पुण्दा, जिला- उडुपी, कर्नाटक के लोक समुदाय से संकलित लकड़ी पर बनी बाघ की मूर्ति चिराटे को दर्शकों के अवलोकन हेतु प्रदर्शित किया गया है। मानव संग्रहालय में आप इसका अवलोकन सुबह 11 बजे से कर सकते हैं।
चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील समुदाय की चित्रकार संगीता ताहेड़ के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 39वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी 30 जुलाई तक निरंतर रहेगी। आप इस चित्र प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देख सकते हैं।
वनमाली सम्मेलन - कथाकार, शिक्षाविद तथा विचारक जगन्नाथ प्रसाद चौबे 'वनमाली' की जयंती के अवसर पर स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी, स्कोप कैम्पस मिसरोद के पास, भोपाल के सभागार में वनमाली सृजन केंद्रों का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। आज इसका अंतिम दिन है। इसमें सुप्रसिद्ध व्यंग्यकार सुनाएंगे व्यंग्य रचनाएं। कार्यक्रम दोपहर तीन बजे से आयोजित होगा। इसके बाद शाम को पांच बजे से गीत-गजल गोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें लेखक अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।
नाट्य कार्यशाला - आहान शिक्षा संस्कृति एवं समाज कल्याण समिति भोपाल द्वारा 27 जुलाई से 10 अगस्त तक 15 दिवसीय नाट्य कार्यशाला एलबीटी में आयोजित की जा रही है। मुख्य प्रशिक्षण आलोक चटर्जी प्रदान कर रहे हैं। कोई भी इच्छुक युवा इसमें निश्शुल्क भाग ले सकता है। समय शाम चार बजे से सात बजे तक है।
हिंडोला उत्सव - पुराने शहर के चौक बाजार लखेरापुरा में स्थित श्रीजी मंदिर में सावन मास में हिंडोला उत्सव मनाया जा रहा है। समय - शाम छह बजे।











