भोपाल। मंगलवार से मप्र विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो गया है। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस महाकाल लोक, भ्रष्टाचार, आदिवासी अत्याचार और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रामक है। आज सुबह रैगांव से कांग्रेस विधायक कल्पना वर्मा टमाटर और मिर्च की माला पहनकर विधानसभा परिसर में पहुंचीं। उन्होंने कहा कि सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है।
सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही प्रारंभ होते ही कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया ने आदिवासी अत्याचार का विषय उठाया। इस पर संसदीय कार्य मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने आपत्ति उठाते हुए कहा कि ये राष्ट्रगीत वंदेमातरम का अपमान कर रहे हैं। मैं इसकी निंदा करता हूं। इस पर कांग्रेस के सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि यह गलतबयानी हो रही है। वंदेमातरम प्रारंभ नहीं हुआ था। दोनों पक्षों से इसको लेकर अपनी-अपनी बात रखी जाने लगी तो अध्यक्ष गिरीश गौतम ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विधानसभा की मान्य परंपरा के अनुसार सदन की कार्यवाही वंदेमातरम से प्रारंभ होती है। मैंने टोका भी कि पहले वंदेमातरम हो जाने दें, फिर अपनी बात रखें पर आप शांत नहीं हुए, यह दुखद है। डा. मिश्रा ने कहा कि इस कृत्य के लिए नेता प्रतिपक्ष माफी मांगें।
दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि
सदन ने विधानसभा के भूतपूर्व सदस्य मधुकर हर्णे, रमेश शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश सिंह बादल, रतन लाल कटारिया, पूर्व मुख्य सचिव निर्मला बुच, इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में बावड़ी की छत, खरगोन जिले के डोंगरगांव में बोराड़ नदी पुल से यात्री बस गिरने और ओडिशा के बालासोर जिले के बहानागा रेलवे स्टेशन के पास हुए भीषण हादसे में हुई जनहानि को लेकर श्रद्धांजलि दी गई।











