धूप के बीच आते-जाते बादलों ने दिए वर्षा के संकेत

धूप के बीच आते-जाते बादलों ने दिए वर्षा के संकेत

 जबलपुर। वर्षा की आशंका के बीच मंगलवार को भी सूरज तमतमाया रहा। तेज धूप और नम हवा के मिले-जुले असर पसीने से तरबतर होते रहे। आसमान पर हल्के बादल भी छाये रहे। बादलों के कारण उमस का अहसास भी होता रहा। दोपहर मौसम की रंगत बदलने लगी बादल की आवाजाही से ये संकेत भी मिलने लगे।

21 जून से मौसम में बदलाव की आशंका जताई

बुधवार को जबलपुर सहित संभाग के जिलों में तेज हवा के साथ छिटपुट वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने भी 21 जून से मौसम में बदलाव की आशंका जताई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार चक्रवात परिसंचरण से जबलपुर सहित संभाग के आस-पास के जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ छींटे या धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

तापमान स्थिर, गर्मी बरकरार

मौसमी बदलाव से अधिकतम तापमान भी 39 डिग्री पर स्थिर हो गया है पर गर्मी का असर बरकरार है। मंगलवार को तेज धूप के बीच आठ किमी प्रतिघंटे की गति से पश्चिमी हवा चलती रही। बादलाें की नमी से पसीने वाली गर्मी लोगों को हलकान करती रही। दोपहर से लेकर शाम तक धूप और बादल के बीच अठखेलियां होती रही। शाम तो कहीं-कहीं तेज हवा भी चलीं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तामपान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से अब भी चार डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम 28.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 33.2 और न्यूनतम 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

ऐसे मिल रहे वर्षा के संकते

मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफान बिर्पजाय अवदाब के रूप राजस्थान से होता हुआ पूर्वी-उत्तर-पूर्वी दिशा में आगे बढ़ रहा है। बिहार और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बन गया है। इस चक्रवात से लेकर विदर्भ तक एक ट्रफ लाइन बनी है, जो झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं पूर्वी मध्यप्रदेश से होकर गुजर रही है। जिसके चलते नमी आने लगी है। इसके असर से जबलपुर सहित संभाग के जिलों में तेज हवा के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा की आशंका है।

Advertisement