तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बालक की मौत, माता-पिता के संग आया था ननिहाल

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बालक की मौत, माता-पिता के संग आया था ननिहाल
भोपाल। गोविंदपुरा इलाके में एक 13 वर्षीय बालक को तेज रफ्तार बाइक चला रहे चालक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में बालक के सिर में गंभीर चोट आई थी। स्वजन उसे इलाज के लिए एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। दुर्घटना भेल के नर्मदा क्लब मैरिज गार्डन के सामने रविवार शाम की है। गोविंदपुरा पुलिस के मुताबिक अर्जुन नगर शाहपुरा निवासी दीपक पिता नवल सिंह आठवीं कक्षा में पढ़ता था, वह अपनी मां और पिता के साथ अपने नाना-नानी के घर विश्वकर्मा नगर गोविंदपुरा आया था।

बंद मार्ग पर खेल रहे थे बच्चे

मालूम हो कि मेट्रो रेल के निर्माण के चलते सांची दुग्ध संघ के प्लांट से हबीबगंज अंडरब्रिज बंद है। इसी मार्ग पर दीपक अपने साथियों के साथ खेल रहा था। तभी विश्वकर्मा नगर निवासी एक युवक तेज रफ्तार से बाइक चलाकर निकला। उसने दीपक को टक्कर मार दी। इससे दीपक के सिर पर चोट आ गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका शव स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बाइक सवार पर एफआइआर होगी दर्ज

घटना के बाद बच्चे के घर में मातम पसरा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बाइक सवार की पहचान कर उस पर एफआइआर दर्ज करने की तैयारी कर ली है।

बंद मार्गों पर रेस लगा रहे युवा

रास्ता बंद होने के कारण आसपास के लोग सड़कों पर वाहनों को दौड़ा रहे हैं। उनकी रफ्तार काफी तेज होती है, उनको पता रहता है कि मार्ग बंद होने से कोई वाहन नहीं आएगा। लोगों का कहना है कि रास्ता बंद होने के कारण बाइक सवार तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था, जिस वजह से यह हादसा हुआ।

Advertisement