भोपाल। पुराने शहर के लखेरापुरा में स्थित श्रीजी मंदिर में सावन के इस पावन मास में हिंडोला महोत्सव चल रहा है। इसके चलते मंदिर में हर दिन प्रभु का अलग-अलग ढंग से मनोहारी श्रृंगार कर उन्हें झूले में विराजित किया जा रहा है। प्रभु झूले में विराजित होकर श्रद्धालुओं को दर्शन दे रहे हैं। प्रभु को सफेद, हरे, गुलाबी, लाल सहित अन्य तरह के वस्त्र धारण कराए जा रहे हैं। उनके सिर पर मोतियों व चांदी का मुकुट पहनाया जा रहा है। मंदिर में कभी श्रद्धालु प्रभु श्रीनाथ जी के साथ फूलों की होली खेल रहे हैं तो कभी प्रभु को पुष्प अर्पित करके पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
मंदिर के मुखिया पंडित श्रीकांत ने बताया कि प्रभु हिंडोला महोत्सव में हर दिन झूला झूलते हैं। प्रभु श्रीनाथ अपने भक्तों को झूले में विराजित होकर दर्शन देते हैं। यह महोत्सव दो सितंबर तक चलेगा। प्रभु के चांदी के झूले से लेकर लकड़ियों के झूलों को गुलाब, गेंदा, सेवंती सहित अन्य प्रजातियों के फूलों से सजाया जाता है। प्रभु को सुसज्जित झूले में विराजित किया जाता है। श्रद्धालु भक्तिभाव से उन्हें झूला झुलाने नित्य आ रहे हैं।
महिला मंडल ने मनाया हरियाली महोत्सव
इधर श्री राम मंदिर कोलार के महाबली नगर स्थित श्रीराम मंदिर में महिला मंडल महाबली नगर द्वारा हरियाली महोत्सव गुरुवार को मनाया गया। कार्यक्रम में भगवान शिव की पूजा की गई। कृष्ण रूप में प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें नगर जोन 18 की अध्यक्ष व वार्ड 80 से पार्षद सुनीता गुड्डू भदौरिया उपस्थित रहीं। सावन में माह में आयोजित मंदिर प्रंगण में महिलाओं ने ढोलक, मंजीरे की थाप पर भक्ति संगीत, भजन, नृत्य प्रस्तुति दी गई। मंदिर प्रांगण में सावन के झूले लगे थे।











