भोपाल। हमीदिया अस्पताल में एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी कराने के लिए पहुंचने वाले मरीजों की स्थिति हांफने और कांपने जैसी हो रही है। दरअसल यहां कार्डियोलाजी डिपार्टमेंट नए भवन में शिफ्ट हो गया है, जबकि एंजियोग्राफी लैब अब भी पुराने भवन में संचालित हो रही है। ऐसे में यहां पहुंचने वाले मरीजों को आपरेशन थियेटर से लेकर वार्ड तक पहुंचाने में 300 मीटर की दूरी तय करना पड़ रही है। इसके चलते मरीजों उनके अटेंडर से लेकर अस्पताल के कर्मचारियों को समस्या हो रही है। ऐसा भी बताया जा रहा है कि यह समस्या लंबे समय तक बनी रह सकती है, क्योंकि नए भवन में आपरेशन थियेटर के लिए कोई जगह ही चिन्हित नहीं की गई है।
अस्पताल प्रबंधन और कार्डियोलाजी डिपार्टमेंट में इस मामले को लेकर एक बार फिर से खींचतान बढ़ गई है। लेकिन कोई भी अधिकृत तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। दरअसल कार्डियोलाजी डिपार्टमेंट को ब्लाक-ए में 13 वीं मंजिल में वार्ड शिफ्ट किया गया है। गत सोमवार से 10-10 मरीजों को कर नए वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है। ऐसे में गुरुवार को ही 40 मरीजों को शिफ्ट कर लिया गया था। जहां पर मरीजों की देखभाल के लिए स्टाफ को लगाया गया है। वहीं तीसरी मंजिल में 20 पलंग का आइसीयू को भी जल्द शुरू किया जाएगा।
पुराने भवन में हो रहे आपरेशन
नए ओपीडी ब्लाक के निर्माण के लिए पटेल वार्ड वाले पुराने को तोड़ने का काम जल्द शुरू होगा। हालांकि एंजोग्राफी लैब अभी भी यहीं संचालित की जा रही है। सूत्रों की मानें तो जगह नहीं होने का हवाला देकर अभी लैब को शिफ्ट कराने कि प्रक्रिया शुरू करने से मना किया गया है। लेकिन वार्ड और लैब में दूरी अधिक होने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। आपरेशन के बाद मरीज को वार्ड में शिफ्ट करने के लिए लंबी दूरी से लाना पड़ रहा है। इधर जानकार बताते हैं कि नए भवन में कार्डियोलाजी डिपार्टमेंट के एंजियोग्राफी लैब के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। ऐसे में फिलहाल लैब को पुराने भवन में ही संचालित किया जाएगा।
इनका कहना है
अभी हम नए भवन में शिफ्ट हो गए हैं। 20 पलंग का आइसीयू भी अगले दो-तीन दिनों में तीसरी मंजिल में चालू कर दिया जाएगा। अभी एंजियोग्राफी लैब पुराने भवन में ही संचालित होगा। इसे नए भवन में शिफ्ट कराने का काम कर रहे हैं।
- डा. राजीव गुप्ता, एचओडी, कार्डियोलाजी विभाग, हमीदिया अस्पताल











