भोपाल में कार चोर गिरोह सक्रिय:ऑटो डीलरों के यार्ड को बना रहे निशाना, 3 दिन में 3 वारदात को दिया अंजाम

भोपाल में कार चोर गिरोह सक्रिय:ऑटो डीलरों के यार्ड को बना रहे निशाना, 3 दिन में 3 वारदात को दिया अंजाम

भोपाल में लग्जरी कार चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। 3 सदस्यीय गिरोह कार से चोरी करने आता है। ऑटो डीलरों के ऑफिसों को निशाना बनाता है। ताला तोड़कर चोरी करने के बाद बदमाश सड़कों और यार्ड में खड़ी डीलरों की कार को चोरी कर फरार हो जाते हैं। वाहन चोरों की करतूत CCTV कैमरों में कैद हुई है। तीनों वारदातें अलग-अलग इलाकों में अंजाम दी गई हैं।

जानकारी के मुताबिक प्रभात चौराहा पर अनस अली कार अप नाम से ऑटो डील का ऑफिस संचालित करते हैं। ऑफिस के बाहर ही उनकी कारें पार्क रहती हैं। 12 मार्च की रात अज्ञात कार सवार तीन बदमाश आए, उनकी दुकान का ताला तोड़ा, यहां से उन्होंने कार की चाबी और पेपर चोरी किए। इसके बाद कार को चोरी कर फरार हो गए। हालांकि अनस की कार 13 मार्च को महाराष्ट्र बार्डर पर मिल गई है।

यहां भी ताला तोड़कर ऑफिस की तलाशी ली

अगली वारदात को आरोपियों ने कार एक्सप्रेस ऑटो डील लालघाटी पर अंजाम दी। 13-14 मार्च की दरमियानी रात यहां भी आरोपियों ने यार्ड में बने ऑफिस का ताला तोड़ा। अंदर चाबी और दस्तावेजों को तलाशते रहे। गल्ले का लॉक तोड़कर नकदी चोरी कर प्रयास किया। हालांकि ऑटो डील संचालक रंजीत राजपाल सभी कारों की चाबी और दस्तावेज सहित नकदी अपने साथ ही घर लेकर जाते हैं। ऐसे में चोरों को खाली हाथ ही लौटना पड़ा। इसी प्रकार चोरों ने एयरपोर्ट रोड स्थित एक अन्य ऑटो टील से भी ऑफिस का ताला तोड़कर लग्जरी कार चोरी कर ली। चोरी निशातपुरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।


Advertisement