संत हिरदाराम नगर। संत हिरदाराम नगर में सर्वाधिक आवाजाही और चहल पहल वाले बाजार में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रतिमा स्थल के आसपास फिर से अतिक्रमण होने लगा है। हाल ही में प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण किया गया है पर इसकी नियमित देखरेख नहीं हो रही है। आटो स्टेंड पर भी कब्जा हो गया है।
चंचल रोड को चौड़ा करने के साथ ही इससे लगे गांधी प्रतिमा स्थल को भी अतिक्रमण मुक्त करने का प्रस्ताव था। नगर निगम चंचल रोड तो चौड़ा कर दिया पर प्रतिमा स्थल से अवैध कब्जे नहीं हटाए। इसे अतिक्रमण मुक्त कर आटो स्टैंड बनाया जा सकता है। करीब 10 साल पहले नगर निगम ने गांधी प्रतिमा को संत कंवरराम प्रतिमा के निकट शिफ्ट कर यहां आटो स्टैंड बनाने के निर्देश दिए थे लेकिन इस पर अमल नहीं हो सका। पिछले दिनों गांधी प्रतिमा स्थल पर रंग रोगन कर इसे सुंदर बनाया गया पर अतिक्रमण अभी तक नहीं हट सका है। पूज्य सिंधी पंचायत के उपाध्यक्ष भरत आसवानी एवं नंद दादलानी का कहना है कि यहां अवैध कब्जा हटाना चाहिए ताकि प्रतिमा स्थल दूर से ही नजर आ सकें। अतिक्रमण हटने से यहां आटो भी खड़े हो सकते हैं।
स्थाई आटो स्टेंड नहीं बन सका
शिव मंदिर गोल चक्रा के पास बरसों से आटो स्टैंड लगता था। सड़क चौड़ीकरण के साथ ही इस स्टेंड का अस्तित्व खत्म हो गया। अब आटो चालक अपनी सुविधा से जहां जगह मिलती है वहां खड़े हो जाते हैं। इससे नागरिकांे को भी परेशानी होती है आटो चालक भी परेशान हैं। निर्धारित स्टेंड न होने से सवारियों को भटकना पड़ता है। वर्तमान में केवल बस स्टेंड पर ही स्टापेज निर्धारित है। कुछ आटो शिव मंदिर गोल चक्रा की दीवार से सटकर खड़े होते हैं, इससे दूसरे वाहन चालकों को दिक्कत होती है। स्थाई आटो स्टेंड गांधी प्रतिमा स्थल के पास बनाया जा सकता है। इसके लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी हैं। आटो यूनियन भी लंबे समय से स्थाई स्टेंड की मांग करती रही है। महापौर परिषद के सदस्य राजेश हिंगोरानी का कहना है कि क्षेत्र के नागरिकों से चर्चा कर समस्या का हल निकालेंगे। अतिक्रमण भी हटाने का प्रस्ताव है।











