भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देर रात तक मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद के साथ बैठक की।यह बैठक होटल जहांनुमा में हुई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश के नेताओं से चुनाव का रोडमैप जानने के साथ पूछा कि केंद्रीय नेतृत्व से आपको क्या अपेक्षाएं हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि अन्य राज्यों के जो कार्यकर्ता आये हैं, उन्हें मध्य प्रदेश में कहां भेजा जाना चाहिए, इसका ब्यौरा दें।
2023 और 24 के चुनाव में रिकार्ड तोड़ बहुमत से सरकार बनाएंगे : शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम सभी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का प्रदेश की धरती पर स्वागत एवं अभिनंदन करते हैं। नड्डा के नेतृत्व में आज संघर्ष का शंख फुंक गया है, युद्ध के नगाड़े बज गए हैं। हम सभी कार्यकर्ता संकल्प लेते हैं कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की रिकार्ड तोड़ बहुमत से सरकार बनाएंगे और 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश से सभी 29 लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भोपाल के सभी कार्यकर्ता आज पलक पावड़े बिछाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के स्वागत में जुटे हैं।











