भोपाल। एयरपोर्ट रोड पर रविवार रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। पुलिस ने अस्पताल की सूचना के बाद मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांधीनगर थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि मूलत: पिपरई जिला अशोक नगर निवासी राजपाल सहरिया (28) बीडीए कालोनी गांधी नगर में रहकर निजी काम करता था। रविवार रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने फुफेरे भाई धीरेंद्र सहरिया के साथ बाइक से घर लौट रहा था। वे दोनों एयरपोर्ट रोड स्थित ओवरब्रिज पर पहुंचे थे, तभी परवलिया की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से राजपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धीरेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हादसे की सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस की मदद से घायल को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद कार चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।











