पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में शुरू होगी बाल वाटिका:सरकारी स्कूल में भी मिलेगी अब नर्सरी एजुकेशन, 1 अप्रैल से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में शुरू होगी बाल वाटिका:सरकारी स्कूल में भी मिलेगी अब नर्सरी एजुकेशन, 1 अप्रैल से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
सतना। बच्चों की पढ़ाई और उनके दाखिले को लेकर निजी स्कूलों की मनमानी और उनकी व्यापारिक नीतियों का शिकार बनने को मजबूर अभिभावकों के लिए अच्छी खबर आई है।

बच्चों को नर्सरी में प्रवेश दिलाने के लिए अब अभिभावकों को सिर्फ निजी स्कूलों पर ही निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में भी अब नर्सरी कक्षा में एडमिशन मिल सकेगा।

केंद्रीय विद्यालय में सरकार नर्सरी एजुकेशन शुरू करने जा रही है। इसके लिए केंद्रीय विद्यालय में बाल वाटिका खोली गई है। सतना के केंद्रीय विद्यालय में बाल वाटिका में इसी सत्र से प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों में 40 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रवेश के लिए 1 अप्रैल को केंद्रीय विद्यालय संगठन अपने ऑफिशियल पोर्टल पर लिंक जारी करेगा। आवेदन भी ऑनलाइन ही होंगे।

केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 सतना से मिली जानकारी के अनुसार बाल वाटिका में प्रवेश के लिए बच्चे की उम्र 30 मार्च 2024 की स्थिति में 5 वर्ष से कम और 7 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। ऑनलाइन आवेदन के साथ बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा। साथ ही अभिभावक यदि केंद्र अथवा राज्य सरकार का कर्मचारी है तो उसे अपना सर्विस सर्टिफिकेट भी लगाना अनिवार्य होगा।

निर्धारित 40 सीटों में से 10 सीटें कैटेगरी वन में आने वाले केंद्र सरकार के कर्मचारियों को दी जाएंगी जबकि 10 सीटें राज्य और केंद्र सरकार के ऑटोनॉमस संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को मिलेंगी। एससी - एसटी और बीपीएल के लिए 2- 2 सीटें रिजर्व होंगी जबकि 2 सीटें संविदा कर्मचारियों के बच्चों और 2 सीटें सिंगल गर्ल चाइल्ड को दी जाएंगी।

शेष सीटों पर अनारक्षित आवंटन होगा। सभी वर्गों के बच्चों के प्रवेश के लिए आईआईटी मुंबई द्वारा तैयार किए गए सॉफ्टवेयर के जरिए लॉटरी निकाली जाएगी। इस प्रक्रिया में केंद्रीय विद्यालय संगठन के पदेन अध्यक्ष कलेक्टर अथवा उनके प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।


Advertisement