भोपाल। अयोध्या नगर थाने में पदस्थ आरक्षक कल्याण सिंह पर जानलेवा हमले करने के मामले में फरार चल रहे आरोपितों की फिलहाल गिरफ्तार नहीं हो पाई है। उनकी गिरफ्तारी पर दस-दस हजार रुपये का इनाम पुलिस उपायुक्त श्रृदा तिवारी ने घोषित किया है। इधर पुलिस और नगर निगम के अमले में शराब दुकान के सामने किया गया अतिक्रमण गुरुवार को हटा दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की रात करीब साढ़े बारह बजे आरक्षक कल्याण सिंह शराब दुकान बंद कराने पहुंचा था। उस वक्त दुकान का शटर आधा खुला हुआ था और बाहर खड़ी कार पर गिलास रखकर कुछ कर्मचारी शराब पी रहे थे। कल्याण ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया तो दुकान कर्मचारियों ने उस पर हमला कर दिया था। इसके साथ ही एफआरवी में भी तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि दो अन्य फरार हो गए थे। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गुरुवार को पुलिस टीम ने नगर निगम अमले के साथ शराब दुकान के सामने किया गया अतिक्रमण हटा दिया है।
घायल आरक्षक को देखने पहुंची उपायुक्त:- अस्पताल में इलाज करा रहे आरक्षक कल्याण को देखने पुलिस उपायुक्त श्रृदा तिवारी अस्पताल पहुंची और उनकी तबीयत की जानकारी ली।











