तीन हफ्ते गिरने के बाद देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.66 अरब डॉलर बढ़ा, पाकिस्‍तान का क्‍या हुआ?

तीन हफ्ते गिरने के बाद देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.66 अरब डॉलर बढ़ा, पाकिस्‍तान का क्‍या हुआ?
नई दिल्‍ली: पिछले तीन सप्ताह की गिरावट के बाद देश का विदेशी मुद्रा भंडार तीन मई को समाप्त सप्ताह में 3.67 अरब डॉलर बढ़ा। यह बढ़कर 641.59 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पहले 26 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.41 अरब डॉलर घटकर 637.92 अरब डॉलर रहा था। यह कई सप्ताह की तेजी के बाद पांच अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 648.56 अरब डॉलर के नए सर्वकालिक ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। उधर, 3 मई को समाप्‍त हुए सप्‍ताह के दौरान पाकिस्‍तान के विदेशी मुद्रा भंडार में भी इजाफा हुआ है। यह 1.1 अरब डॉलर बढ़कर 9.1 अरब डॉलर हो गया।

FCA में 4.46 अरब की बढ़ोतरी

भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, तीन मई को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां (FCA) 4.46 अरब डॉलर बढ़कर 564.16 अरब डॉलर रहीं। FCA का इस्‍तेमाल अंतरराष्ट्रीय व्यापार, कर्ज चुकाने और देश की मुद्रा को स्थिर रखने के लिए किया जाता है। यह जितना अधिक होता है, देश के लिए उतना ही अच्छा होता है। इसका मतलब है कि देश के पास अंतरराष्ट्रीय भुगतान करने और आर्थिक झटकों का सामना करने की अधिक क्षमता है।

गोल्‍ड र‍िजर्व का मूल्‍य घटा

डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्वर्ण आरक्षित भंडार का मूल्य 65.3 करोड़ डॉलर घटकर 54.88 अरब डॉलर रहा। केंद्रीय बैंक के मुताबिक, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 20 लाख डॉलर बढ़कर 18.05 अरब डॉलर हो गया। समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित जमा 14 करोड़ डॉलर घटकर 4.49 अरब डॉलर रह गई।
Advertisement