भोपाल। जिला प्रशासन ने बैरागढ़ संभाग में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गेम जोन और रिसोर्ट पर बुलडोजर चला दिया। इसके अलावा अवैध रूप से काटे जा रहे प्लाटों पर भी कार्रवाई की गई है। इसको लेकर प्रशासन को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं।
अवैध कालोनी भी काट रहे थे
एसडीएम बैरागढ़ विनोद सोनकिया ने बताया कि पलासी और बड़वाई में बड़ी संख्या में बिना अनुमति के व्यावसायिक गतिविधियों के साथ अवैध रूप से प्लाटिंग किए जाने की शिकायतें थी। कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार को जिला प्रशासन की टीम के साथ पुलिस और नगर निगम की टीम के साथ पलासी गांव पहुंचे। मौके पर गेम जोन से लेकर बड़े-बड़े डोम में रिसोर्ट और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होना पाया गया। इसके साथ ही बड़े स्तर पर प्लाटिंग भी की जा रही थी। प्रशासन ने सभी से संबंधित जमीन और उस पर निर्माण की अनुमति संबंधी कागजात मांगे। इस संबंध कोई भी किसी तरह की अनुमति संबंधी कागजात उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद सभी निर्माण को गिरा दिया गया।
इन पर चला बुलडोजर
एसडीएम ने बताया कि ग्राम बड़वाई में आबिद अंसारी ने गेम जोन बनाया था। वहीं ग्राम पलासी में करीब सवा एकड़ में रिजवान खान ने रिसार्ट बिना किसी अनुमति के बनाया था। यहीं पर एक क्षेत्र में उषा जैन, मुर्तुजा अली और रशीद खान के अवैध प्लाटिंग और गार्डन पर बुलडोजर चला गया है।











