इंदौर मौसम केंद्र के मुताबिक, जून माह में अब तक प्री मानसून में 76.7 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 21.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, आज दिनभर वर्षा होती रहेगी। गौरतलब है कि शुक्रवार को शहर में दिनभर बादल छाए रहे और शाम के समय शहर के कई हिस्सों में वर्षा शुरू हुई थी । शनिवार को शहर में उत्तर पश्चिमी हवा छह किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 31.4 डिग्री दर्ज किया।
रविवार को भी जारी रहेगी वर्षा
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, रविवार को भी इसी तरह शहर में वर्षा का दौर जारी रहेगा। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक, अरब सागर व गुजरात पर 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसके अलावा पंजाब से पश्चिमी बंगाल तक द्रोणिका जा रही है। बंगाल की खाडी में 7.8 किलोमीटर पर एक अन्य ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। आगामी दिनों में यह मप्र में कम दबाव का क्षेत्र तब्दील होकर ओड़िसा, छत्तीसगढ़ होते हुए पहुंचेगा। इसके असर से रविवार को उत्तर व उत्तरी पूर्वी मप्र में मानसून का आगमन होगा। वहीं 26 से 27 जून के बाद इंदौर मे मानसून के आगमन की संभावना है।











