सागर । शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में 14 साल की स्कूली छात्रा से दुराचार का मामला सामने आया है। आरोपित बहला-फुसलाकर उसे होटल में ले गया था। मां के साथ थाने पहुंची छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
मोतीनगर थाना पुलिस के अनुसार इलाके में रहने वाली 8वीं की छात्रा से मालथौन निवासी निकित यादव ने दुष्कर्म किया। आरोपित स्वसहायता समूह से जुड़ा हुआ है। वह पीड़िता के साथ-साथ उसके स्वजनों से भी परिचित है। गुरुवार दोपहर को जब छात्रा स्कूल से अपने घर आ रही थी, तभी निकित उसे रास्ते में मिला। वह उसे बहला-फुसलाकर होटल राम सरोज पैलेस के कमरा नंबर 304 ले गया, जहां आरोपित ने डरा-धमकाकर उसके साथ जबर्दस्ती की। छात्रा को आरोपित से संघर्ष करने में चोटें भी आईं। आरोपित ने छात्रा को धमकाया कि किसी को भी इस बारे में बताया तो जान से मार देगा। छात्रा रोते हुए अपने घर पहुंची और मां को पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद मां उसे लेकर मोतीनगर थाना पहुंची। जहां पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मामला कायम कर लिया है।
धर्माश्री स्थित होटल सागर सरोज सागर से भाजपा विधायक शैलेंद्र जैन के चचेरे भाई की बताई जा रही है। जिसे दीपक जैन संचालित करता है। विधायक जैन का कहना है कि होटल संचालन से उनका कोई लेना-देना नहीं। यह होटल उनके चचेरे भाई की है।
होटल जाकर पुलिस ने की जांच
पुलिस पीड़िता को अपने साथ होटल सागर सरोज लेकर गई। वहां मौका मुआयना किया। साथ ही छात्रा के बताए अनुसार उस कमरे में जाकर भी शिनाख्ती की गई। देर रात पुलिस ने आरोपित पर पास्को एक्ट, दुराचार सहित अन्य धाराओं के तहत मामला कायम कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। रात में ही पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए मालथौन गई, लेकिन आरोपित वहां से भाग चुका था। छात्रा ने बताया कि आरोपित पहले भी उसके साथ एक बार दुष्कर्म कर चुका है।











