बेंगलुरु/भोपाल, कर्नाटक के बेंगलुरु के मदापट्टना स्थित ग्रेनाइट खदान में गुरुवार को 40 फीट की ऊंचाई से चट्टान गिरने से मध्य प्रदेश के अनूपपुर के रहने वाले 5 मजदूरों समेत 7 की मौत हो गई, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक मजदूर छत्तीसगढ़ और एक कर्नाटक के यादगीर जिले का निवासी था।
पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मृतकों और घायलों को मलबे से बाहर निकाला। चट्टान की चपेट में आने से कई मजदूरों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। न्यूज एजेंसी PTI ने सेंट्रल रेंज के डीआईजी एस. गिरीश से बातचीत के आधार पर MP के मजदूरों की मौत की पुष्टि की है।
हादसे के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने दुख जताते हुए जांच के निर्देश दिए। खदान मालिक ने मृतकों के परिजन को 10-10 लाख और घायलों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई।
वहीं, मध्य प्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया- हादसे की जानकारी मांगी गई है। श्रम विभाग के अधिकारी कर्नाटक प्रशासन के संपर्क में हैं ।
मध्य प्रदेश के श्रम विभाग के प्रमुख सचिव रघुराज एमआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- कर्नाटक में हुई एक घटना के बारे में जानकारी मिली है। मृतकों में मध्य प्रदेश के मजदूरों के शामिल होने की आशंका है। मध्य प्रदेश के श्रम आयुक्त कर्नाटक के अपने समकक्ष के संपर्क में हैं। आवश्यक समन्वय कर रहे हैं।











