भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने बाजपेई नगर मल्टी में 75 वर्षीय कलरी देवी की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। बुजुर्ग महिला की हत्या उनकी पड़ोस में रहने वाली 45 वर्षीय महिला ने जेवरात के लालच में की थी।
आरोपी ने वारदात के बाद मृतका के सोने के झुमके, नाक की लौंग, चांदी की पायल और नकदी लूट ली थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर संदेही महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी आयुष गुप्ता ने बताया कि 6 नवंबर को हमीदिया अस्पताल से कलरी देवी पति हरीचंद प्रजापति की मौत की सूचना मिली थी। वह बाजपेई नगर मल्टी के ए-2 ब्लॉक में रहती थीं। मर्ग जांच के दौरान मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में उनकी मौत दम घुटने और श्वास नली अवरुद्ध होने से होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसआईटी कर रही थी मामले की जांच
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जोन-3 ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) गठित की थी। टीम ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इस दौरान पास की मल्टी में रहने वाली एक महिला की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जेवरात के लालच में हत्या करना कबूल किया।
लूटे गए जेवरात भी जब्त
आरोपी महिला की पहचान रेखा उर्फ रीता उर्फ रीत (45), पति स्वर्गीय सुरेश सुडरकर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भुसावल, महाराष्ट्र की रहने वाली है और वर्तमान में बाजपेई नगर की ए-1 मल्टी में रह रही थी। पुलिस ने उसके कब्जे से मृतका के सोने के झुमके, नाक की लौंग, पैरों की पायल और नकदी बरामद की है। इसके अलावा वारदात के समय पहने गए कपड़े, चप्पल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
लूटा गया सोने का दांत पुलिस को घटनास्थल की तलाशी के दौरान पहले ही मिल चुका था, जबकि झुमके, लौंग और पायल महिला की निशानदेही पर जब्त किए गए हैं।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
आरोपी महिला के खिलाफ निशातपुरा थाने में नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज है। वहीं, शाहजहांनाबाद थाने में सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण भी दर्ज है।
500 रुपए उधार मांगने के बहाने घर पहुंची थी
पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन आरोपी मृतका के घर 500 रुपए मांगने पहुंची थी। पैसे नहीं देने पर नशे में धुत महिला ने बुजुर्ग की हत्या कर जेवरात लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने लूटा गया माल बरामद कर लिया है। आरोपी महिला दो दिन की पुलिस रिमांड पर है।

