बिल्डिंग की लिफ्ट में 11वीं की छात्रा से छेड़खानी, आरोपित पक्ष ने भी दर्ज कराई एफआइआर

बिल्डिंग की लिफ्ट में 11वीं की छात्रा से छेड़खानी, आरोपित पक्ष ने भी दर्ज कराई एफआइआर
भोपाल। अयोध्या नगर इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में रहने वाले दो परिवारों में श्वान को लेकर तनातनी हो गई। इसमें एक पक्ष किशोरी ने अपने साथ छेड़खानी और दूसरे पक्ष ने गाली-गलौच और धमकाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

श्वान के कारण होती है तकरार

पुलिस के मुताबिक अयोध्या नगर की एक बहुमंजिला इमारत में 15 साल की लड़की अपनी मां के साथ रहती है। वह 11वीं कक्षा की छात्रा है। मां-बेटी पशुप्रेमी हैं। वे आवारा श्वान को खाना देती हैं और घर पर भी लाकर रखती हैं। यह बात उनके फ्लैट के सामने रहने वाले आरोपित मयंक नामदेव और उनके स्वजनों को पसंद नहीं है। इसको लेकर दोनों में तनातनी बनी रहती है।

छात्रा का आरोप, लिफ्ट में बुरी नीयत से पकड़ा हाथ

छात्रा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि गुरुवार को वह अपने घर का सामान लेकर घर आई थी। उसे आठवीं मंजिल पर स्थि अपने घर जाना था, इसलिए वह लिफ्ट में सवार हुई। उसमें पहले से उनका पड़ोसी मयंक नामदेव भी था।उसने छात्रा को देखकर श्वान को लेकर अभद्र और अश्लील बातें उसे और उसकी मां के बारे में कही। बाद में आरोपित ने बुरी नीयत से उसका हाथ भी पकड़ लिया। किसी तरह वह लिफ्ट से निकलने के बाद अपने घर चली गई। थोड़ी देर बाद जब उसकी मां घर आई, तो उसने उनको पूरा घटनाक्रम बताया। उसके बाद दोनों परिवारों में एक बार फिर विवाद हुआ।

शुक्रवार को दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर कराई एफआइआर

शुक्रवार सुबह दोनों ही परिवार अयोध्या नगर थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत की। इसमें मयंक द्वारा छात्रा के भाई और मामा के खिलाफ गाली-गलौच और धमकी देने की शिकायत पर एफआइआर दर्ज हुई । मयंक ने पुलिस को बताया कि मां-बेटी के श्वान पालने की आदत के कारण उनकी पत्नी घर से बाहर नहीं निकल पाती है। छात्रा की शिकायत पर मयंक के खिलाफ छेड़खानी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले को विवेचना में ले लिया है। फिलहाल दोनों पक्षों में से किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Advertisement