मनीला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आसियान परिवार के साथ एक बार फिर जुड़कर मुझे खुशी हो रही है। उन्होंने आसियान की सफल अध्यक्षता और भारत के कंट्री कोऑर्डिनेटर के रूप में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को बधाई दी। पीएम मोदी का आसियान नेताओं के साथ यह 13वां संवाद है। इस दौरान उन्होंने दुनिया में चल रहे संकटों का जिक्र किया और शांति की जरूरत पर जोर दिया।
डिजिटल, डिफेंस और स्पेस तक साझेदारी
पीएम मोदी ने बताया कि नई दिल्ली की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने भारत-आसियान संबंधों को नई गति और नई गहराई दी है। उन्होंने कहा कि "हमारी साझेदारी अब साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल, डिफेंस और स्पेस जैसे क्षेत्रों में नए आयाम हासिल कर रही है।"
भारत-आसियान की आबादी को बताया बड़ी ताकत
पीएम मोदी ने भारत-आसियान समूह को बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा, "भारत और आसियान मिलकर विश्व की लगभग एक चौथाई जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए हमारा भविष्य कंपटीशन से नहीं, कोऑपरेशन से तय हो।" उन्होंने कहा, "हमारे पास सामर्थ्य भी है और संकल्प भी है। हम मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं।"
भारत और आसियान की साझेदारी को नई दिशा
भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 2014 से पीपल-टू-पीपल संबंधों को मजबूत करने के लिए भारत ने 100 से अधिक बड़ी पहल की है। उन्होंने कहा, "हमारा विश्वास है कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं।" उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हमने साझेदारी को नई गति दी है। अब हमें मिलकर अपने क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देनी है।

