फ्रांसीसी मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि फ्रांसीसी कंपनियां भले ही भारत में राफेल विमानों के प्रोडक्शन के लिए तैयार हुई हैं लेकिन उसका कंट्रोल पेरिस में ही रहेगा। फ्रांसीसी अखबार ने बताया है कि राफेल विमान और उसमें लगने वाले M88 इंजन का भारत में स्थानीय प्रोडक्शन भले ही किया जाएगा लेकिन भारत के पास उसका कोई अधिकार नहीं होगा।
राफेल को लेकर फ्रांसीसी अखबार का दावा
पेरिस/नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना के लिए फ्रांस से 114 राफेल लड़ाकू विमानों को खरीदने की तैयारी चल रही है और ये सौदा करीब 35 से 40 अरब डॉलर के बीच होने वाला है। ये भारतीय रक्षा इतिहास की सबसे बड़ी डील होने वाली है और फ्रांस की जीडीपी में इस सौदे से अच्छा खासा उछाल आएगा। लेकिन फ्रांस ने साफ कर दिया है कि वो संवेदनशील पुर्जे भारत में नहीं बनाएगा। उसने टेक्नोलॉजी ट्रांसफर को लेकर भी लक्ष्मण रेखा खींच डाली है। फ्रांसीसी अखबार 'द डेली एंटरप्राइजेज' में साफ शब्दों में लिखा गया है कि फ्रांस, क्रिटिकल टेक्नोलॉजी भारत को नहीं देगा।
भारत में बनेंगे राफेल, कंट्रोल फ्रांस के पास ही रहेगा
इसी साल 13 फरवरी को राफेल फाइटर जेट में लगने वाले M88 इंजन बनाने वाली कंपनी सफ्रान के CEO ओलिवियर एंड्रीस ने दो टूक शब्दों में कहा था 'हम भारत में M88 इंजन के लिए असेंबली लाइन जरूर लगाएंगे लेकिन M88 इंजन के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से फ्रांस के अलावा कहीं और नहीं जाएंगे।' फ्रांसीसी अखबार ने बताया है कि सफ्रान और डसॉल्ट दोनों ही कंपनियां अपने इरादे पर आज भी कायम हैं। फ्रांसीसी अखबार का कहना है कि राफेल बनाने वाली कंपनी राफेल भी अपने रूख पर कायम है। ये दोनों कंपनियां भारत में असेंबली लाइन लगाएंगी लेकिन उनका कंट्रोल सिस्टम फ्रांस में रहेगा। संवेदनशील पुर्जे भारत में नहीं बनेंगे। इंजन के महत्वपूर्ण हिस्से, विमान का डिजाइन, क्रिटिकल कंपोनेट्स समेत 'हर वो आयाम जिसमें कंट्रोल की जरूरत होती है वो फ्रांस में ही रहेंगे।' फ्रांसीसी अखबार ने लिखा है 'इस तरह एक राफेल आंशिक तौर पर भारतीय कारखाने में तैयार हो सकता है लेकिन ये एक ऐसा विमान बना रहेगा जिसका विकास पेरस से तय होगा।'
हैदराबाद में राफेल के फ्यूजलेज का बड़ा हिस्सा बनेगा
पिछले साल 5 जून को डसॉल्ट और टाटा एडवांस्ड सिस्टम ने 'उत्पादन हस्तांतरण' यानि प्रोडक्षशन ट्रांसफर से जुड़े 4 समझौतों पर दस्तखत किए थे। इसके तहत हैदराबाद प्लांट में सेंट्रल फ्यूजलेज यानि विमान का मुख्य ढांचा, विमान का अगला हिस्सा, पिछला हिस्सा और इसके साइड पैनल बनाए जाएंगे। यानी एयरफ्रेम का ज्यादातर हिस्सा यहीं तैयार होगा। पहले हिस्से 2028 के वित्तीय वर्ष में आने की उम्मीद है और उत्पादन की गति इतनी होगी कि हर महीने दो पूरे फ्यूजलेज तैयार किए जा सकें। ये ढांचे शुरुआती अवस्था में होंगे और इन्हें अभी पूरी तरह से तैयार करना, टेस्ट करना और सर्टिफाई करना बाकी होगा।
डसॉल्ट के ब्लूप्रिंट पर काम करेगा टाटा
फ्रांसीसी अखबार ने बताया है कि टाटा इसके लिए डसॉल्ट के ब्लूप्रिंट पर काम करेगा। किसी भी समझौते में डिजाइन की पूरी जानकारी नहीं दी गई है। टाटा के पास विमान को बेचने या बदलाव करने का अधिकार नहीं होगा। भारतीय फैक्ट्री फ्रांसीसी वर्कशॉप की भी जगह नहीं ले सकती हैं। वो पहले की तरह ही इन हिस्सों का उत्पादन करेंगी। डसॉल्ट इसे 'राफेल फ्यूजलेज सेक्शन के लिए उत्पादन के दो स्रोत' यानि डुअल सोर्स ऑफ प्रोडक्शन कहता है।
M88 इंजन को लेकर भी फ्रांसीसी कंपनी का सख्त रवैया
राफेल में जो M88 इंजन लगता है उसे फ्रांसीसी कंपनी सफ्रान बनाती है। सफ्रान भी भारत की स्थानीय उत्पादन की जरूरतों को पूरा करने के लिए M88 इंजन असेंबली लाइन लगाने के लिए तैयार है। कंपनी ने स्थानीय स्तर पर इंजन के कुछ पुर्जों के निर्माण की भी बात कही है। लेकिन सिर्फ कुछ पुर्जे। सभी संवेदनशील पुर्जे फ्रांस में ही बनाए जाएंगे। सफ्रान ने पिछले साल नवंबर में हैदराबाद में MRO सेंटर स्थापित किया है। इसमें 40 मिलियन यूरो का निवेश भी किया गया है। यहां पर इंजन के घिसे पिटे पुर्जों को बदला जाएगा, उनकी मरम्मत की जाएगी लेकिन तमाम महत्वपूर्ण पार्ट्स फ्रांस से ही बनकर आएंगे। फिलहाल सफ्रान ने नहीं बताया है कि कौन कौन से पुर्जे सिर्फ फ्रांस में बनेंगे।
राफेल का सोर्स कोड भी फ्रांस नहीं देगा
फ्रांस राफेल लड़ाकू विमानों का सोर्स कोड नहीं देगा लेकिन भारतीय वायुसेना के पास अपनी मिसाइलों को इंटीग्रेट करने का अधिकार होगा। लेकिन भारत इसके लड़ाकू सिस्टम में बदलाव नहीं कर सकता है। इसके अलावा फ्रांसीसी अखबार ने ये भी बताया है कि सॉफ्टवेयर ट्रांसफर को लेकर आधिकारिक तौर पर सिर्फ हथियारों से जुड़ा ही एक दस्तावेज है। नौसेना के कॉन्ट्रैक्ट में राफेल पर भारतीय हथियारों को इस्तेमाल करने योग्य बनाने का प्रावधान है। अक्टूबर की शुरुआत में भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने 114 विमानों वाले कार्यक्रम में भारतीय प्रणालियों की बड़ी भूमिका की वकालत की थी।
AMCA इंजन के लिए सौ फीसदी टेक्नोलॉजी देगा सफ्रॉन
फ्रांसीसी अखबार ने बताया है कि M88 इंजन को लेकर सफ्रान का रुख काफी सतर्क है लेकिन भारत के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान प्रोग्राम AMCA के इंजन के लिए कंपनी का रुख बिल्कुल अलग है। नवंबर 2025 में 'द इकोनॉमिक टाइम्स' से बातचीत में ओलिवियर एंड्रीस ने पूरी टेक्नोलॉजी ट्रांसफर की बात कही थी। इसमें DRDO के साथ मिलकर विकास करने और महत्वपूर्ण हिस्सों पर भारत के बौद्धिक संपदा अधिकारों (IPR) की बात कही गई।

