प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला में पहुंचे हैं। पीएम मोदी यहां 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान भारतीय प्रधानमंत्री फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके अलावा दुनिया की नजर भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के QUAD पर भी होगी। यहां क्वाड देशों के नेताओं बैठक भी प्रस्तावित है, जहां समूह के नेता करीब दो साल बाद एक मंच पर आने वाले हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को मनीला पहुंच रहे हैं।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें व्यापक रणनीतिक साझेदारी को लागू करने में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। नई दिल्ली की कोशिश आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझोते (AITIGA) की समीक्षा प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाना है। भारत इस समझौते में बदलाव की मांग कर रहा है। इसका उद्देश्य व्यापार असंतुलन को दूर करना, टैरिफ बाधाओं को कम करना और रूल्स ऑफ ओरिजिन को सरल बनाना है।
चर्चा के प्रमुख विषयों में से एक 2026-2030 के लिए 'आसियान-भारत कार्य योजना' को लागू करना है। इस योजना के तहत व्यापार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग के लिए प्राथमिकताएं तय की जाएंगी।
ईस्ट एशिया सम्मेलन
21वां ईस्ट एशिया सम्मेलन ऐसा मंच होगा, जहां इस क्षेत्र की कुछ सबसे प्रमुख सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा की उम्मीद है। इसमें दक्षिण चीन सागर में तनाव और म्यांमार का राजनीतिक संकट भी शामिल है। इस सम्मेलन में नेता प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा कर सकेंगे। भारत ने लगातार दक्षिणी चीन सागर में आवाजाही और उड़ान की स्वतंत्रता पर जोर दिया है। भारत का यह भी कहना है कि विवादित जल क्षेत्र को लेकर आशियान और चीन के बीच कोड ऑफ कंडक्ट पर कोई भी समझौते अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होना चाहिए।
QUAD नेताओं की बैठक
मनीला में होने वाली क्वाड नेताओं की बैठक पर पूरी दुनिया की नजर होगी। करीब दो साल बाद QUAD देशों के नेता एक जगह मिल रहे हैं। पिछले महीने के आखिर में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस बैठक की घोषणा की थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ रुबियो भी मनीला आ रहे हैं। इसके अलावा जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइजी और ऑस्ट्रेलियाई PM एंथनी अल्बनीज के भी शामिल होने की उम्मीद है। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब AI को लेकर अमेरिका और चीन के बीच तनाव बढ़ गया है।
मार्कोस से मिलेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे। इस बैठक के दौरान चर्चा में रक्षा सहयोग अहम हिस्सा हो सकता है। फिलीपींस ने भारत के ब्रह्मोस एंटी-शिप मिसाइल खरीदी है। इस बैठक में दोनों पक्ष रक्षा उपकरणों की खरीद, सैन्य प्रशिक्षण और रक्षा उपकरणों के रखरखाव में सहयोग बढ़ाने पर भी विचार कर सकते हैं।

