कटनी शहर की नई बस्ती स्थित बजाज गली में बिजली बिल की वसूली और कनेक्शन काटने की कार्रवाई के दौरान लाइनमैन प्रीतम सिंह सैनी के साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप सामने आया है। लाइनमैन के मुताबिक, उपभोक्ता ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने मामले में कोतवाली थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
बकाया बिल जमा कराने पहुंचे थे
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:13 बजे लाइनमैन प्रीतम सिंह सैनी अपनी टीम के साथ बजाज गली में बिनय शर्मा के घर पहुंचे थे। संबंधित बिजली कनेक्शन बिमला सरावगी के नाम पर रजिस्टर्ड बताया गया है। इस कनेक्शन पर 18,314 रुपए का बिजली बिल बकाया था।
लाइनमैन ने बिल जमा करने के लिए कहा। भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन काटने के लिए सीढ़ी लगाई गई। शिकायत के मुताबिक, जैसे ही प्रीतम सिंह सीढ़ी पर चढ़े, बिनय शर्मा ने सीढ़ी गिराने की कोशिश की। टीम के अन्य सदस्यों ने सीढ़ी संभाली, जिससे लाइनमैन नीचे उतर सके।
मारपीट और धमकी देने का आरोप
लाइनमैन की शिकायत के अनुसार, नीचे उतरने के बाद उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और उन्हें गिरा दिया गया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज भी की गई और दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
प्रीतम सिंह ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट और धमकी देने के आरोप में कार्रवाई की मांग की है।

