बीजिंग, मोहम्मद जीशान अली अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले पाकिस्तानी नागरिक बन गए हैं। भारतीय समय के अनुसार वे बुधवार सुबह 5:48 बजे चीन के लॉन्च सेंटर से अंतरिक्ष के लिए रवाना हुए। चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पहुंचने में उन्हें 3 घंटे 38 मिनट लगे, वे करीब 9:26 बजे स्पेस स्टेशन पहुंच गए।
जीशान अली चीन के शेनझोउ-24 मिशन में शामिल हैं। उनके साथ 2 चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो, वू यी भी हैं। होंगबो मिशन की कमान संभाल रहे हैं। पूरे मिशन में करीब 90 प्रयोग किए जाएंगे। जीशान इनमें से 4 प्रयोगों में हिस्सा लेंगे। इसमें अंतरिक्ष में खाना उगाने का प्रयोग भी शामिल है।
भारत के राकेश शर्मा 42 साल पहले साल 1984 में अंतरिक्ष जाने वाले पहले भारतीय बने थे। उन्होंने सोवियत संघ के सोयुज टी-11 मिशन से उड़ान भरी थी।
जीशान 4 तरह की रिसर्च करेंगे
अंतरिक्ष में खाना उगाना: ऐसे छोटे जीवों पर प्रयोग होगा, जो सूरज की रोशनी से अपना खाना बनाते हैं। इनसे भविष्य में अंतरिक्ष यात्रियों के लिए खाना और ऑक्सीजन बनाने में मदद मिल सकती है।
जीवों पर अंतरिक्ष का असर: कम गुरुत्वाकर्षण में जीवों पर क्या असर पड़ता है, इस पर स्टडी की जाएगी।
नई चीजें बनाने पर रिसर्च: अंतरिक्ष में अलग-अलग पदार्थों के व्यवहार को समझा जाएगा। इससे नई और बेहतर चीजें बनाने में मदद मिल सकती है।
खुद ठीक होने वाले पदार्थ: ऐसे मटेरियल पर प्रयोग होगा, जो टूटने या खराब होने के बाद खुद ही ठीक हो सकें। इससे भविष्य में अंतरिक्ष यानों की मरम्मत आसान हो सकती है।
मिशन के लिए पाकिस्तान ने दो उम्मीदवार चुने थे
पाकिस्तान ने इस मिशन के लिए जीशान अली और खुर्रम दाऊद को चुना था। दोनों ने चीन में कई महीनों तक ट्रेनिंग ली। इसके बाद जीशान को मिशन के लिए फाइनल किया गया, जबकि खुर्रम बैकअप अंतरिक्ष यात्री बनाए गए।
बुधवार सुबह जीशान अली ने चीन के जियुकुआन सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से उड़ान भरी। उन्हें लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया।
इस मिशन के लिए पाकिस्तान को चीन की मदद लेनी पड़ी, क्योंकि उसके पास इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने वाला अपना रॉकेट या अंतरिक्ष यान नहीं है। अब जीशान चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर मिशन का हिस्सा होंगे।
पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल ने दोनों की तारीफ की और जीशान को बधाई दी।

