मध्य प्रदेश सरकार ने 19 पवित्र शहरों को शराब-मुक्त घोषित किया है, लेकिन इनमें से कई शहरों में धड़ल्ले से अवैध शराब बिक रही है। ओंकारेश्वर, महेश्वर और उज्जैन में भास्कर की 7 दिन की पड़ताल में सामने आया कि शराब तस्करों ने बाइक से डिलीवरी का समानांतर नेटवर्क खड़ा कर लिया है।
अवैध शराब की बिक्री रोकने की जिम्मेदारी आबकारी और पुलिस विभाग की है। लेकिन भास्कर के स्टिंग में शराब बेचने वालों ने दावा किया कि दोनों विभागों के मैदानी अमले की मिलीभगत के बिना यह कारोबार संभव नहीं है।
खास बात ये है कि खातेगांव टीआई की ट्रक से कुचलकर हुई मौत के बाद सीएम ने सभी कलेक्टरों और एसपी को अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इसके बावजूद पवित्र शहरों में अवैध शराब की बिक्री जारी है। यह सरकारी प्रतिबंध और उसकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
1. ओंकारेश्वर: ममलेश्वर मंदिर के सामने अवैध अहाता, खिड़की से बिक रही शराब
देश के चौथे ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में शराब की बिक्री प्रतिबंधित है। करीब 15 हजार आबादी वाले इस शहर में इसके बावजूद आधा दर्जन से ज्यादा जगहों पर शराब आसानी से मिल रही है।
भास्कर रिपोर्टर बस स्टैंड के पास पहुंचा तो बाहर से बंद दिख रही एक दुकान के आधे खुले शटर के पीछे बीयर और व्हिस्की बिकती मिली। रिपोर्टर ने बीयर मांगी तो दुकानदार ने ब्रांड पूछा और ऑनलाइन पेमेंट के लिए QR कोड दिखा दिया।
इसके बाद रिपोर्टर प्राचीन ममलेश्वर मंदिर के रास्ते पर पहुंचा। मंदिर के ठीक सामने खुले आंगन और शेड के नीचे दर्जनों लोग शराब पीते मिले। वहीं, सामने बनी खिड़की से शराब बेची जा रही थी।
प्रतिबंधित क्षेत्र है, पता है... लेकिन शराब तो मैं ही बेच रहा हूं!
रिपोर्टर: भैया, किंगफि** मिलेगी?
रोहित: हां, ₹250।
(ऑनलाइन पेमेंट के QR कोड पर रोहित नाम दिखाई दिया।)
रिपोर्टर: व्हिस्की में कौन-सा ब्रांड है?
रोहित: लंदन प्रा**।
रिपोर्टर: यह तो प्रतिबंधित ज्योतिर्लिंग क्षेत्र है, है ना?
रोहित: (लापरवाही से) हां, प्रतिबंधित है... वो तो मैं हूं, जो बेच रहा हूं!
इसके बाद रिपोर्टर घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित 'अर्जुन की दुकान' पहुंचा। यहां एक महिला और उसके पति ने ₹300 में बीयर की बोतल दी। उन्होंने बोतल को अखबार में लपेट दिया।
तस्करों का बाइक नेटवर्क: पेंट के खाली डिब्बों में छिपाकर ले जा रहे शराब
ओंकारेश्वर में शराब कहां से पहुंचती है? पड़ताल में सामने आया कि दोपहर बाद दो युवक बिना नंबर की बाइक से बैग में शराब लेकर आते हैं। भास्कर टीम ने सनावद रोड से आ रही एक संदिग्ध बाइक का पीछा किया।
करीब एक किलोमीटर बाद बाइक 'मंगलम रिसॉर्ट' में दाखिल हुई। वहां रिसॉर्ट के कर्मचारी बाइक सवारों के आसपास खड़े थे। रिपोर्टर को देखते ही बाइक सवारों ने बीयर की पेटी बैग में छिपा दी। उन्होंने शराब की बोतलें पेंट के खाली डिब्बों में डाल दीं।
वहां रिसॉर्ट के कर्मचारी ने रिपोर्टर से कहा, "अंडे-मांस सब मिलेगा। लॉन में बैठकर खाओ... वाइन भी मिल जाएगी।"
2. महेश्वर: थाने से 200 मीटर दूर होटल-ढाबों में शराब बिक्री
मां अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर में इंदौर रोड से प्रवेश करते ही मुख्य मार्ग पर 'होटल देवराज पैलेस' स्थित है। यह महेश्वर थाने से महज 200 मीटर दूर है।
होटल के रेस्टोरेंट काउंटर पर शराब बेची जा रही थी। रिपोर्टर के मांगने पर कर्मचारी ने ₹350 में 'ब्लें** प्राइ*' का क्वार्टर दे दिया। इसी रोड पर थाने के पास 'मां भगवती ढाबा' के मुख्य द्वार पर पर्दा लगा था। उसके पीछे दर्जनों लोग टेबल पर बैठकर शराब पी रहे थे।
परिसर में बने 6-7 कॉटेज में भी शराब पीने की व्यवस्था थी। ढाबा संचालक ने रिपोर्टर से कहा, "मेरे पास सस्ती रेंज (लीमों*, बो*ट) ₹170 में मिल जाएगी। महंगी वाइन चाहिए तो 5 किलोमीटर आगे हमारी दुकान है।"
3. उज्जैन: IG दफ्तर के इलाके में होटल से कमरे तक शराब की सप्लाई
धर्मनगरी उज्जैन में भी शराबबंदी के बावजूद बिक्री जारी है। देवास रोड पर, जहां जोन आईजी का दफ्तर भी है, मुख्य मार्ग के एक होटल में शराब पीने की व्यवस्था मिली।
रिपोर्टर को होटल संचालक ने ₹250 में बीयर दी। इसी दौरान वहां मौजूद एक ग्राहक ने कीमत पर सवाल उठाया। इस पर संचालक ने कहा, "कलाली से 95 रुपए में लाते हैं, सब अपनापन खत्म हो गया है... अब 90 रुपए में दे रहे हैं।"
इसके बाद रिपोर्टर ने पॉश इलाके में 'पुष्प मिशन अस्पताल' के सामने स्थित सोनी होटल में कमरा लिया। होटल मालिक खुद व्हिस्की की बोतल लेकर कमरे में पहुंचा और रिपोर्टर का गिलास भर दिया।
रिपोर्टर ने ₹400 में इतनी कम मात्रा देने पर सवाल किया तो मालिक ने कहा, "बोतल ₹1,600 की आती है। क्वार्टर की इतनी मात्रा के ₹400 होंगे।"
4. नर्मदापुरम: एक ही गली में शराब के आधा दर्जन से ज्यादा अवैध अड्डे
नर्मदा नदी के तट पर स्थित पवित्र शहरों में शामिल नर्मदापुरम में भी शराब बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध बिक्री जारी है। शहर के प्रमुख सतरस्ते से नर्मदा नदी के खर्राघाट जाने वाले रास्ते पर बालागंज में आधा दर्जन से अधिक जगहों पर शराब बिकती मिली। कुछ स्थानों पर युवतियां अहाते भी संचालित करती नजर आईं।
'रिकॉर्डिंग कर रहे हो क्या?'
रिपोर्टर ने शहर में अवैध शराब के ठिकानों की पड़ताल शुरू की तो बालागंज में एक के बाद एक कई अड्डे सामने आए। हनुमान मंदिर के पास बाहर से सामान्य दिखने वाले एक घर के अंदर आंगन में एक व्यक्ति खड़े होकर शराब पी रहा था। अंदर एक युवती बैठी थी।
रिपोर्टर के पहुंचते ही उसने पूछा, ‘क्या चाहिए?’ रिपोर्टर ने 'किं*फि** बीयर' मांगी तो युवती ने कहा कि उपलब्ध नहीं है। दूसरे ब्रांड के बारे में पूछने पर उसने तुरंत ₹150 कीमत बताई। रिपोर्टर के हामी भरते ही युवती अंदर से बीयर का केन ले आई।
इस बीच पेमेंट के लिए रिपोर्टर के साथी ने मोबाइल निकाला तो युवती ने उससे फोन मांगा और पूछा, 'रिकॉर्डिंग कर रहे हो क्या?' मोबाइल देखने के बाद उसने फोन वापस कर दिया।
इसी गली में कुछ दूरी पर एक दूसरे घर में भी अहाता संचालित होता मिला। अंदर शराब की खाली बोतलें और गिलास पड़े थे। वहां सीढ़ियों पर एक युवक बच्चे के साथ बैठा था। वह बच्चे को लाल रंग का पेय पिला रहा था।
पास में शराब की खाली बोतलें और गिलास पड़े थे, जबकि सामने एक अन्य युवक शराब पी रहा था। शराब पीने की जगह पर बच्चे की मौजूदगी भी चिंता का विषय थी। आगे एक किराना दुकान के काउंटर से भी शराब बेची जा रही थी।
बड़ा खतरा: अवैध शराब की गुणवत्ता की जांच नहीं, जहरीली होने का जोखिम
शराबबंदी वाले शहरों में इन ठिकानों पर बिक रही शराब का वैध स्रोत और आबकारी रिकॉर्ड सामने नहीं है। यह कहां से लाई जा रही है, असली है या मिलावटी, इसकी पुष्टि करने वाली कोई जांच व्यवस्था भी सामने नहीं आई है।
अवैध स्रोत से लाई गई शराब की गुणवत्ता की जांच नहीं होने से लोगों की सेहत और जान को खतरा है। सागर और देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों जैसी घटनाएं इन शहरों में भी हो सकती हैं।

