मोदी सरकार ने डिलिमिटेशन यानी परिसीमन बिल पास कराने की पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए लोकसभा और राज्यसभा की बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि मोदी सरकार ने इस बिल को पास कराने के लिए मैजिक नंबर जुटा लिया है। सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इसी दौरान सरकार परिसीमन बिल को पेश कर सकती है। गुरुवार को इस बिल से जुड़ा एक और बड़ा अपडेट सामने आया है। अब एमके स्टालिन की पार्टी DMK ने भी परिसीमन को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। DMK ने कहा है कि अगर ये बिल हमारे अनुकूल है, तो हम इसे स्वीकार कर लेंगे। बता दें कि पिछली बार जब परिसीमन बिल संसद में पेश हुआ था तो डीएमके ने इसका विरोध किया था।
स्टालिन ने रखीं दो शर्तें
डीएमके के प्रमुख एमके स्टालिन ने भी शुक्रवार को एक ट्वीट किया और परिसीमन बिल के लिए अपनी दो शर्तें बताईं-:
यदि संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो किसी भी स्थिति में तमिलनाडु का हिस्सा उसके मौजूदा 7.18% से कम नहीं होना चाहिए।
1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का जो अनुपात तय किया गया था और जिसे पहले स्थिर (freeze) कर दिया गया था, उसे अगले 25 वर्षों तक वैसा ही बनाए रखा जाना चाहिए।
DMK नेता ने क्या कहा?
ANI के मुताबिक, पत्रकारों से बात करते हुए DMK नेता टी.के.एस इलांगोवन ने कहा कि पार्टी ने परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) के पिछले मसौदे का विरोध किया था, क्योंकि उन्हें चिंता थी कि इसका राज्यों और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर क्या असर पड़ेगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि जब संशोधित विधेयक औपचारिक रूप से पेश किया जाएगा, तो DMK उस पर विचार करने के लिए तैयार है। इलांगोवन ने कहा, "देखते हैं कि नया परिसीमन विधेयक किस रूप में आता है। इसे पढ़ने के बाद ही हम इस पर कोई टिप्पणी कर सकते हैं। अगर यह हमारे अनुकूल है या इसमें हमारे विचारों को भी शामिल किया गया है, तो हमें इसे स्वीकार करना होगा। लेकिन अभी इंतजार करते हैं; पहले विधेयक को आने दीजिए।" आपको बता दें कि इससे पहले जगन मोहन रेड्डी की पार्टी YSRCP ने भी परिसीमन बिल का समर्थन करने की बात कही है।
परिसीमन बिल के लिए कितने सांसद जरूरी?
लोकसभा में इस वक्त टोटल 540 सांसद हैं। तीन सीट रिक्त है। मतलब दो तिहाई बहुमत के लिए 360 सांसद चाहिए। पिछली बार यानी 17 अप्रैल को बिल के समर्थन में सरकार के पास 298 सांसद थे। वहीं विरोध में 230 वोट पड़े थे। यानी बिल पास कराने के दो तिहाई बहुमत से 54 वोट कम थे। वहीं, अब NDA के पास 320 सांसद है यानी 360 से 40 सांसद कम। ऐसे में सवाल ये है कि वो कौन-कौन सी पार्टी हैं जो इस बार बिल के पक्ष में सरकार के साथ हैं।
पिछली बार डीएमके के 22 सांसद इंडिया गठबंधन के साथ थे
शरद पवार की पार्टी के 8 सांसद भी बिल के खिलाफ थे
उद्धव गुट के 6 बागी सांसद भी तब खिलाफ थे
ममता की पार्टी के 20 सांसद भी बगावत कर चुके हैं
अकाली दल (1 सांसद) एक बार फिर एनडीए में वापस आ चुका है
परिसीमन बिल में क्या है खास?
डिलिमिटेशन बिल पास होने के बाद सबसे पहला और सबसे बड़ा बदलाव ये होगा कि सभी राज्यों में लोकसभा सीटें 50% बढ़ेगी
यूपी में अभी 80 लोकसभा सीट है- बिल पास होने के यूपी में 40 सीट बढ़ेगी, यानी यूपी में कुल 120 लोकसभा सीट हो जाएगी
इसी तरह तमिलनाडु की सीट 39 से बढ़कर 60 कर दी जाएगी
महाराष्ट्र की सीट 48 से बढ़कर 72 हो जाएगी
बंगाल की सीटें 42 से बढ़कर 63 हो जाएगी
बिहार की लोकसभा सीट 40 से बढ़ाकर 60 कर दी जाएगी
ऐसे ही सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में किया जाएगा

