2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी (आप) के लिए कई विश्लेषक 'करो या मरो' की लड़ाई के रूप में देख रहे हैं. आप केवल पंजाब में ही सत्ता में है.
दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद अगर आप पंजाब में भी हार जाती है, तो देश के किसी भी राज्य में उसकी सरकार नहीं बचेगी. वहीं, अगर वह चुनाव जीतती है, तो उसे राष्ट्रीय स्तर पर दोबारा अपनी राजनीतिक ज़मीन मज़बूत करने का मौक़ा मिलेगा.
इसलिए ये चुनाव आम आदमी पार्टी की विश्वसनीयता, संगठनात्मक एकजुटता और भविष्य में विस्तार की संभावनाओं से भी जुड़ा है.
बीजेपी और कांग्रेस के विकल्प के तौर पर अपनी पहचान बनाने की आम आदमी पार्टी की हसरत काफ़ी हद तक इस बात पर टिकी है कि वह सत्ता में रहकर अपना शासन मॉडल साबित करे.
फ़िलहाल पंजाब उसके पास बचा एकमात्र मौक़ा है, जहाँ वह दिखा सकती है कि उसका शासन मॉडल न सिर्फ़ पहली बार जनादेश हासिल कर सकता है, बल्कि दोबारा भी लोगों का भरोसा जीत सकता है.
पंजाब में हार का मतलब होगा कि पार्टी के पास अपना शासन मॉडल दिखाने के लिए कोई राज्य सरकार नहीं बचेगी.
आप के लिए सर्वाइवल का सवाल
राजनीतिक विश्लेषक विनोद शर्मा कहते हैं कि पंजाब विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी के सर्वाइवल के सवाल से जुड़ गया है.
विनोद शर्मा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, ''आम आदमी पार्टी के लिए ये चुनाव आसान नहीं है और अगर हार जाती है तो उसके सियासी भविष्य पर गहरा सवालिया निशान खड़ा होगा. आम आदमी पार्टी की सरकार में क़ानून व्यवस्था और ड्रग्स का मसला बहुत ही गंभीर है. लोककल्याणकारी योजनाओं की डिलीवरी इनके पक्ष में जा सकती है.''
विनोद शर्मा कहते हैं, ''अकाली और बीजेपी का गठबंधन विकल्प हीनता का गठबंधन है. मुझे लगता है कि ये कांग्रेस और आप को चुनौती पेश नहीं कर पाएंगे. इससे अमृतपाल सिंह को पंथी वोट ज़रूर मिल सकता है क्योंकि बीजेपी से गठबंधन के बाद अकाली की पंथी पार्टी की छवि कमज़ोर पड़ी है.''
पंजाब यूनिवर्सिटी में राजनीति विज्ञान के प्रोफ़ेसर आशुतोष कुमार मानते हैं कि तमाम मुश्किलों के बावजूद पंजाब में आम आदमी पार्टी मज़बूत स्थिति में है.
प्रोफ़ेसर कुमार ने बीबीसी हिन्दी से कहा, ''मेरा मानना है कि पंजाब में अकाली और बीजेपी के साथ आने के बावजूद लड़ाई द्विपक्षीय ही है. यानी आप और कांग्रेस के बीच. आम आदमी पार्टी के लिए यह चुनाव उसके राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेगा लेकिन यह भी बताएगा कि बीजेपी अपनी चुनावी मशीनरी की बदौलत हर चुनाव नहीं जीत सकती है.''
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीती थीं और उसे 42 फ़ीसदी से ज़्यादा वोट मिले थे. इस भारी बहुमत ने कांग्रेस और अकाली दल की राजनीति से निर्णायक बदलाव की उम्मीदें बढ़ा दी थीं.
अब अगला चुनाव इस बात की परीक्षा है कि क्या मतदाताओं को लगता है कि आप ने उस जनादेश को एक प्रभावी सरकार में बदला है. सिर्फ़ एक कार्यकाल के बाद हारने से स्थापित राजनीतिक दलों के सामने एक टिकाऊ विकल्प पेश करने के उसके दावे को गंभीर रूप से चोट पहुँच सकती है.

