मुंबई, दिलजीत दोसांझ के आज मुंबई में होने वाले कॉन्सर्ट को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने रद्द करने की मांग की है। यह शो महालक्ष्मी रेसकोर्स में होगा।

मनसे का आरोप है कि महालक्ष्मी रेसकोर्स और एनएससीआई डोम में होने वाले कार्यक्रमों में ड्रग्स का इस्तेमाल और बिक्री होती है। मनसे ने चेतावनी दी है कि मांग नहीं मानी गई तो स्थानीय लोगों के साथ रास्ता रोको आंदोलन किया जाएगा।

मनसे ने ड्रग्स को लेकर क्या आरोप लगाए?

मनसे के विभागाध्यक्ष दिनेश ज्ञानेश्वर पुंडे ने ताड़देव पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर को पत्र लिखा। इसमें महालक्ष्मी रेसकोर्स और एनएससीआई डोम में होने वाले कॉन्सर्ट पर सवाल उठाए गए हैं।


मनसे ने दावा किया कि 22 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए एक कार्यक्रम के दौरान 12-13 लोगों की ड्रग्स सेवन की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

मनसे ने यह भी कहा कि पिछले साल इसी इलाके में ड्रग्स के सेवन से एक युवक की मौत हुई थी। पार्टी के मुताबिक, कॉन्सर्ट के बाद कई युवा नशे की हालत में सड़कों पर दिखाई देते हैं। इससे स्थानीय परिवारों को परेशानी होती है। कार्यक्रमों के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ती है।


कॉन्सर्ट के लिए बुकमायशो ने जारी की गाइडलाइन

कॉन्सर्ट से पहले टिकटिंग प्लेटफॉर्म बुकमायशो ने दर्शकों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की है। कॉन्सर्ट में झंडे, बैनर, पोस्टर और हाथ से बनाए गए साइन ले जाने पर रोक लगाई गई है।

इसके अलावा दर्शक अपने साथ पेन, मार्कर, लाइटर, लेजर पॉइंटर, डियोड्रेंट, स्प्रे सनस्क्रीन और मेकअप का सामान भी नहीं ले जा सकेंगे। चाकू, ब्लेड, छाता, पानी की बोतल, बड़े बैग, लैपटॉप और टैबलेट भी प्रतिबंधित सामानों की सूची में शामिल हैं। प्रोफेशनल कैमरे, ट्राइपॉड, सेल्फी स्टिक और ड्रोन ले जाने की भी अनुमति नहीं होगी।


कॉन्सर्ट से पहले बम धमकी भी मिली

दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट को धमकी भी मिल चुकी है। 23 अक्टूबर को मुंबई नगर निगम के कार्यालय में एक ईमेल आया था। इसमें दिलजीत के 27 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट में आत्मघाती हमले की धमकी दी गई थी।

ईमेल में अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। मैसेज में खालिस्तान से जुड़े संगठनों का जिक्र था।

इसके बाद मुंबई पुलिस ने जांच की। बीएमसी कार्यालय में सुरक्षा जांच भी की गई। पुलिस को वहां कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की गंभीरता की जांच शुरू की थी।

इसके अलावा 26 नवंबर को मुंबई में एक और धमकी भरे ईमेल की खबर सामने आई। इसमें अमिताभ बच्चन के घर, दिलजीत के कॉन्सर्ट और मेट्रो को निशाना बनाने की बात कही गई थी। पुलिस ने इन धमकियों को गंभीरता से लिया और सुरक्षा बढ़ाई।


बेंगलुरु कॉन्सर्ट को लेकर भी मिली धमकी

मुंबई के बाद दिलजीत का कॉन्सर्ट 29 नवंबर को बेंगलुरु के एनआईसीई ग्राउंड्स में होना है। इससे पहले वहां भी बम धमकी का मामला सामने आया।

पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को हुबली-धारवाड़ नगर निगम आयुक्त को एक ईमेल भेजा गया था। इसमें कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी विस्फोट की धमकी दी गई थी। ईमेल में लोगों को बच्चों को कार्यक्रम में न लाने और मेट्रो से यात्रा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई थी।

मामले में बेंगलुरु पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने साफ किया है कि मामले की जांच जारी है।