ग्वालियर के साडा क्षेत्र में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमिपूजन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दौरा दूसरी बार टल गया है। 29 अक्टूबर को अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भूमिपूजन करना था, लेकिन फिलहाल कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
अब दिवाली के बाद नई तारीख तय होने की संभावना है। प्रशासन के अनुसार एक-दो दिन में कार्यक्रम की नई प्रस्तावित तिथि सामने आ सकती है।
इससे पहले 12 अक्टूबर को भी भूमिपूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन शाह की व्यस्तता के चलते इसे टाल दिया गया था। इस बार भी जिला प्रशासन और पुलिस ने वीआईपी दौरे, सुरक्षा और आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी थीं।
एयरपोर्ट से मेला ग्राउंड तक सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की योजना बनाई जा रही थी। आयोजन की जिम्मेदारी साडा के साथ मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) को सौंपी गई है।
170 एकड़ में बनेगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब
ग्वालियर में 170 एकड़ जमीन पर देश का पहला इंटीग्रेटेड टेलीकॉम टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम विकसित करने की योजना है। मध्य प्रदेश सरकार और केंद्रीय दूरसंचार विभाग के बीच हुए एमओयू के बाद प्रस्तावित इस परियोजना में 5G, 6G और आधुनिक डिजिटल तकनीक से जुड़े उपकरणों का निर्माण होगा। शुरुआती तौर पर करीब 2,000 करोड़ रुपए के निवेश और 4,500 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसरों की घोषणा की गई है। भविष्य में यहां 8 से 9 हजार युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है।

