वॉशिंगटन डीसी, अमेरिका की एक अदालत ने चीन की बड़ी टेक कंपनी हुआवेई को अमेरिकी कंपनियों की तकनीक चुराने, ईरान से चोरी-छिपे कारोबार करने और बैंक से धोखाधड़ी के मामले में दोषी पाया है।
चीनी कंपनी पर लगे 12 में से 10 आरोप सही माने गए हैं। अब सितंबर 2027 में सजा सुनाई जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुआवेई पर अरबों डॉलर का जुर्माना लग सकता है।
कंपनी पर आरोप था कि उसने अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद ईरान जैसे देशों से कारोबार किया और इसकी जानकारी बैंकों से छिपाई। हालांकि अदालत ने हुआवेई को आपराधिक साजिश और न्यायिक जांच में बाधा डालने की साजिश के आरोपों से बरी कर दिया।
ईरान के अलावा उत्तर कोरिया से भी कारोबार किया
अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, हुआवेई ने ईरान के अलावा उत्तर कोरिया जैसे अमेरिकी प्रतिबंध वाले देशों में कारोबार किया। कंपनी पर आरोप था कि उसने इस कारोबार की असली जानकारी अमेरिकी बैंकों और अधिकारियों को नहीं दी।
कंपनी ने अपने कारोबार से जुड़ी जानकारी छिपाने के लिए बैंकों और अमेरिकी अधिकारियों को गुमराह किया। इससे अमेरिकी प्रतिबंधों को लागू करने में मुश्किल हुई।
अमेरिकी कंपनियों की तकनीक चुराने के मामले
सिस्को का सोर्स कोड कॉपी किया: हुआवेई ने अमेरिकी कंपनी सिस्को के इंटरनेट राउटर का सोर्स कोड कॉपी करके अपने राउटर में इस्तेमाल किया था।
दूसरी कंपनी के स्टॉल में घुसे: शिकागो में एक ट्रेड शो के दौरान हुआवेई के एक कर्मचारी पर दूसरी कंपनी के स्टॉल में चुपके से घुसकर नेटवर्किंग डिवाइस की तस्वीरें लेने का आरोप लगा।
लैब से रोबोटिक हाथ उठाया: एक अन्य मामले में कंपनी के कर्मचारी पर प्रतिद्वंद्वी कंपनी की लैब से रोबोटिक हाथ ले जाने और उसकी तस्वीरें खींचकर माप लेने का आरोप लगा।
जुर्माने की रकम फिलहाल तय नहीं
हुआवेई को अभी सजा नहीं सुनाई गई है। अमेरिकी अदालत सितंबर 2027 में इस पर फैसला करेगी। अभी जुर्माने की सही रकम तय नहीं हुई है।
अमेरिकी वकील जोसेफ नोसेला जूनियर ने कहा कि कंपनी ने लंबे समय तक अमेरिकी कानूनों का उल्लंघन किया और देश की सुरक्षा को खतरे में डाला। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने कहा कि कानून से ऊपर कोई व्यक्ति या कंपनी नहीं है।
हुआवेई फैसले को चुनौती देगी
हुआवेई के वकील ब्रायन हेबरलिग ने कहा कि जांच एजेंसियों ने कंपनी के 2 लाख से ज्यादा कर्मचारियों में से कुछ लोगों की गलतियों को पूरे संगठन की साजिश के तौर पर पेश किया।
उन्होंने कहा कि जूरी ने कंपनी को संगठित आपराधिक साजिश के आरोप से बरी किया है। कंपनी इस फैसले में दोषी ठहराए गए आरोपों को भी अदालत में चुनौती देगी।
हुआवेई ने कहा कि वह कारोबार में ईमानदारी रखती है और दूसरी कंपनियों के अधिकारों का सम्मान करती है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह सभी लागू कानूनों का पालन करती है।
2019 में शुरू हुई थी जांच
अमेरिकी न्याय विभाग ने 2019 में पहली बार हुआवेई के खिलाफ आपराधिक आरोप लगाए थे। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया। इस मामले की सुनवाई सितंबर 2026 में शुरू हुई थी।
अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए पहले ही हुआवेई के उपकरणों की अमेरिकी टेलीकॉम नेटवर्क में सप्लाई पर रोक लगा रखी है। ब्रिटेन और कनाडा ने भी कंपनी पर इसी तरह की पाबंदियां लगाई हैं।
इसके बावजूद हुआवेई कई देशों में स्मार्टफोन और टेलीकॉम उपकरण बेचती है। कंपनी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए जरूरी चिप बनाने के क्षेत्र में भी काम बढ़ाया है।
चीन ने इस मामले में अमेरिका की कार्रवाई की आलोचना की है। बीजिंग ने आरोप लगाया कि अमेरिका राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर चीनी कंपनियों को निशाना बना रहा है।

