कटनी जिले की बरही तहसील के करौंदी कला गांव में किसानों ने मां शारदा क्रेशर प्लांट के संचालक पर सार्वजनिक रास्ता बंद करने का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि इससे खेतों तक पहुंचने और फसल लाने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, यह रास्ता कई साल पुराना है। रास्ता बंद होने से किसानों को खेतों तक खाद और बीज ले जाने में भी दिक्कत हो रही है।
किसान प्रदीप पटेल ने आरोप लगाया कि क्रेशर प्लांट से दिन-रात धूल उड़ती है और आसपास के खेतों पर जम जाती है। उनका कहना है कि इससे मिट्टी की उर्वरता पर असर पड़ रहा है।
किसानों ने बताया कि उन्होंने कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार से शिकायत की है। जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पर भी कई बार लिखित शिकायतें दीं। उनका आरोप है कि महीनों बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बरही के नायब तहसीलदार आदित्य द्विवेदी ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

