शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र के करौंदी में दीपावली की रात आतिशबाजी चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो दिन तक तनाव की वजह बना रहा। दो परिवारों के बीच मारपीट के आरोपों से शुरू हुआ मामला अगले दिन थाने के घेराव, पुलिस से झड़प, वाहनों में तोड़फोड़ और लाठीचार्ज तक पहुंच गया।
आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग को लेकर 500 से ज्यादा लोग फिजिकल थाने के बाहर जमा हो गए। पुलिस जब आरोपियों को जुलूस निकाले बिना कोर्ट ले जाने लगी तो भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिस वाहन के शीशे तोड़ दिए। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
पुलिस ने अब प्रधान आरक्षक से मारपीट, सरकारी वाहन के शीशे तोड़ने और शासकीय काम में बाधा डालने के आरोप में 12 से 15 लोगों के खिलाफ अलग से एफआईआर दर्ज की है।
बाबा खान के घर ताला, परिवार रिश्तेदारों के यहां
बाबा खान के घर पर ताला लगा था। पता चला कि परिवार के पांच सदस्य जेल में हैं। घर के बाहर पुलिस की निगरानी बनी हुई है। आसपास के लोगों ने बताया कि विवाद के बाद बाबा खान के परिवार के सदस्य रिश्तेदारों के यहां रहने चले गए।
दूसरी ओर, पड़ोसी देवी सिंह बाथम का परिवार अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद घायल आदित्य और संध्या की देखभाल करते मिला।
बाथम परिवार का आरोप- घर में घुसकर बच्चों को पीटा
आदित्य की मां शकुन बाई का कहना है कि दीपावली की पूजा के बाद वह पति देवी सिंह के साथ पास में रहने वाली ननद के घर गई थीं। इस दौरान उनका छोटा बेटा आदित्य घर के बाहर पटाखे चला रहा था। शकुन के मुताबिक, इसी बात पर बाबा खान ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
वह पति के साथ घर पहुंचीं और विवाद शांत कराने के लिए पति और बड़े बेटे को दोबारा ननद के घर ले गईं। घर में आदित्य और उनकी बेटी संध्या अकेले थे।
बिल्ली के पटाखों से डरने की बात पर शुरू हुआ विवाद
दूसरी ओर, जेल में परिजन से मिलने पहुंची बाबा खान की पत्नी कहकिशा बेगम से भी भास्कर ने बात की। कहकिशा ने बताया कि उनके घर में पालतू बिल्ली है, जो पटाखों की आवाज से डर रही थी।
इसी वजह से बाबा खान ने अपनी बेटी किश्वर को बाहर जाकर आदित्य बाथम को पटाखे चलाने से मना करने के लिए कहा था। इस बात पर आदित्य ने किश्वर का हाथ पकड़कर उसे सड़क पर पटक दिया।
घर को भीड़ ने घेरा, परिवार के 11 लोग अंदर फंसे रहे
बाबा खान की बहन अंजुम के मुताबिक, वह भाई के घर निमंत्रण पर जाने वाली थीं, तभी उन्हें मारपीट की जानकारी मिली। अंजुम का आरोप है कि भीड़ ने उनके भाई के घर को घेर लिया था। परिवार के लोगों को घर के अंदर ही रहना पड़ा।
भीड़ बढ़ने के साथ घर पर पत्थर भी फेंके गए। उन्होंने बताया कि बचाव के लिए परिवार ने मिर्च का घोल तैयार किया था। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। अंजुम के मुताबिक, उस समय घर में परिवार के करीब 11 सदस्य फंसे हुए थे।
पार्षद ने पहले भी विवाद होने का लगाया आरोप
कांग्रेस पार्षद एमडी गुर्जर ने बाबा खान पर त्योहारों के दौरान पहले भी विवाद करने और क्षेत्र का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वार्ड के लोग पहले भी इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं। उन्होंने दशहरे और नवरात्र के दौरान भी विवाद होने की बात कही।
घटना के बाद पार्षद, पीड़ित परिवार और बजरंग दल के कार्यकर्ता फिजिकल थाने पहुंचे थे। उनकी मांग थी कि आरोपियों का जुलूस निकाला जाए और सख्त कार्रवाई हो।
जुलूस नहीं निकला तो थाने पर जुटे 500 से लोग
सोमवार सुबह करीब 10 बजे से पीड़ित परिवार, पार्षद और बजरंग दल के कार्यकर्ता फिजिकल थाने पहुंचने लगे। धीरे-धीरे वार्ड के दूसरे लोग भी जमा हो गए। दोपहर तक थाने के बाहर 500 से ज्यादा लोगों की भीड़ जुट गई। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल थीं।
पुलिस ने सुरक्षा और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए आरोपियों का जुलूस निकालने से मना कर दिया। दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस आरोपियों को वाहन में बैठाकर कोर्ट ले जाने लगी तो भीड़ भड़क गई।
प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिस वाहन के पीछे दौड़ने लगे। इस दौरान एक सरकारी वाहन के शीशे भी तोड़ दिए गए।हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद प्रदर्शनकारी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
प्रधान आरक्षक से मारपीट, 12 पर एफआईआर
थाने के बाहर हुए हंगामे को लेकर पुलिस ने अलग से एफआईआर दर्ज की है। देहात थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक ऋषभ करारे की शिकायत के मुताबिक, 9 नवंबर को वह थाना प्रभारी विकास सिंह यादव और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के लिए फिजिकल थाने पहुंचे थे।
दोपहर करीब 1:40 बजे भीड़ में शामिल कुछ लोग उनके साथ झूमाझटकी करने लगे। सूरज प्रजापति और राजवती बाथम ने पत्थर मारकर सरकारी वाहन के पीछे के दोनों तरफ के शीशे तोड़ दिए। कांच का टुकड़ा लगने से ऋषभ की दाईं आंख और दाईं कलाई में चोट आई।
ऋषभ ने सूरज प्रजापति, मोहन बाथम, राजवती बाथम और लाला बाथम को पहचानने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, भीड़ में शामिल लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट भी की। आरक्षक दीपक राणा, प्रधान आरक्षक दीपचंद, आरक्षक पुष्पेंद्र रावत और आरक्षक हरिओम यादव ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया।
दीपावली पर आतिशबाजी चलाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। घर में घुसकर मारपीट के मामले में गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग को लेकर 500 से ज्यादा लोग फिजिकल थाने के बाहर जमा हो गए।

